बिहान योजना की किस्तों में गबन करने वाली सचिव गिरफ्तार, 19 महिला स्व सहायता समूहों से 20 लाख की धोखाधड़ी
दुर्ग। पुलगांव पुलिस ने बिहान योजना की किश्तें जमा करने के नाम पर समूहों से वसूली गई राशि का गबन करने की आरोपी सचिव मनीता निषाद को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। आरोपी ने 19 महिला स्व सहायता समूहों से लगभग 20 लाख रुपए की धोखाधड़ी की थी। पूछताछ में मनीता ने स्वीकार किया कि गबन की गई राशि का उपयोग उसने कोटनी और नांदगांव स्थित अपने मकानों के निर्माण में किया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ दो अलग-अलग शिकायतें दर्ज की गई थीं। पहली शिकायत प्रगति स्व सहायता समूह की अध्यक्ष हेमकल्याणी साहू ने दर्ज कराई, जिसमें सरस्वती, मां बगदई, लक्ष्मी, एकता, सखी, धन लक्ष्मी, दुर्गा, गरिमा और प्रज्ञा महिला समूह से कुल 6.19 लाख रुपए गबन का आरोप है।
दूसरी शिकायत नव जागृति समूह की अध्यक्ष दिव्या साहू ने की। उनके अनुसार, नव जागृति, उज्जवला, आस्था, राधे-राधे, साधना, प्रेरणा, प्रगति, नवा अंजोर, जय मां शीतला और वैभव महिला समूह से 13.87 लाख रुपए की धोखाधड़ी की गई।
दोनों अध्यक्षों ने बताया कि समूहों ने बिहान योजना के तहत बैंक से लोन लिया था। किश्तें जमा कराने की जिम्मेदारी मनीता निषाद को सौंपी गई थी। वह प्रत्येक माह समूहों से राशि वसूलती थी, लेकिन उसे बैंक में जमा नहीं कर रही थी। बैंक द्वारा नोटिस जारी किए जाने पर गबन का खुलासा हुआ। पंचायत स्तर पर भी आरोपी को निर्देश दिए गए, लेकिन वह 17 महीने तक फरार रही। लौटने पर समूहों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद उसे गिरफ्तार किया गया।
