बैरसिया में 50 करोड़ की लागत से बने सांदीपनि विद्यालय का लोकार्पण, CM मोहन यादव ने किया फोरलेन सड़क का ऐलान

बैरसिया (भोपाल)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को बैरसिया में करीब 50 करोड़ 74 लाख रुपये की लागत से निर्मित शासकीय सांदीपनि ठाकुर लाल सिंह उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का लोकार्पण किया। लगभग 35 एकड़ क्षेत्र में विकसित इस आधुनिक विद्यालय को शिक्षा के नए युग की शुरुआत बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह संस्थान विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक सुविधाएं और बेहतर भविष्य के अवसर प्रदान करेगा।

मुख्यमंत्री ने विद्यालय परिसर का निरीक्षण किया, पौधरोपण किया और विद्यार्थियों को नए शैक्षणिक सत्र के लिए शुभकामनाएं दीं।

शिक्षा ही सबसे बड़ी पूंजी : मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि माता-पिता जीवन देते हैं, लेकिन गुरु और विद्यालय व्यक्तित्व का निर्माण करते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल नौकरी प्राप्त करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को जिम्मेदार नागरिक, सफल उद्यमी, आधुनिक किसान, डॉक्टर, इंजीनियर, पत्रकार और जनप्रतिनिधि बनने के लिए तैयार करना है।

उन्होंने कहा कि ज्ञान ऐसी संपत्ति है जिसे कोई छीन नहीं सकता और यही जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है।

सांदीपनि विद्यालय भारतीय शिक्षा परंपरा का प्रतीक

मुख्यमंत्री ने कहा कि सांदीपनि विद्यालयों का नाम भगवान श्रीकृष्ण के गुरु महर्षि सांदीपनि की गौरवशाली परंपरा से जुड़ा है। इन विद्यालयों का उद्देश्य आधुनिक शिक्षा के साथ भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और गुरु-शिष्य परंपरा को मजबूत करना है।

उन्होंने विद्यार्थियों से भगवान श्रीकृष्ण और सुदामा की मित्रता का उदाहरण अपनाने तथा संवेदनशील और संस्कारवान नागरिक बनने का आह्वान किया।

रोजगार और कौशल विकास पर सरकार का फोकस

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में युवाओं को रोजगार लेने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाने की दिशा में कार्य हो रहा है। राज्य सरकार शिक्षा को कौशल विकास, स्वरोजगार और उद्यमिता से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

2047 के विकसित भारत में आज के विद्यार्थी निभाएंगे नेतृत्व

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2047 में जब देश स्वतंत्रता की शताब्दी मनाएगा, तब आज विद्यालयों में पढ़ रहे विद्यार्थी विकसित भारत के निर्माण में नेतृत्वकारी भूमिका निभाएंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी प्रतिभा का उपयोग समाज, प्रदेश और राष्ट्र के विकास में करने का आह्वान किया।

बैरसिया-भोपाल फोरलेन सड़क की घोषणा

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल-बैरसिया मार्ग को फोरलेन बनाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इससे राजधानी भोपाल से बैरसिया की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और क्षेत्र के आर्थिक, सामाजिक एवं व्यावसायिक विकास को नई गति मिलेगी।

मेधावी विद्यार्थियों का किया सम्मान

मुख्यमंत्री ने बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों आकाश साहू, चंचल कुशवाहा, संयम जैन, भावना प्रजापति, रूपाली रजक और सीए अवंतिका साहू को ट्रॉफी एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम के बाद उन्होंने बैरसिया में रोड शो भी किया, जहां नागरिकों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

About The Author