भोपाल में आचार्य समय सागर जी के चातुर्मास में पहुंचे CM मोहन यादव, विधानसभा में प्रवचन के लिए देंगे आमंत्रण

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को राजधानी भोपाल के महाराणा प्रताप नगर स्थित विद्योदय तीर्थ में आयोजित आचार्य श्री 108 समय सागर जी महाराज के चातुर्मास कार्यक्रम में शामिल होकर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार एक दिन का विशेष विधानसभा सत्र आयोजित कर आचार्य श्री को विधानसभा में प्रवचन के लिए आमंत्रित करेगी, ताकि सभी विधायक, जनप्रतिनिधि और अधिकारी उनके मार्गदर्शन का लाभ ले सकें।

‘जियो और जीने दो’ भारतीय संस्कृति का मूल मंत्र

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भारतीय संस्कृति का मूल संदेश “जियो और जीने दो” है। अहिंसा मनुष्य को मोक्ष के मार्ग पर ले जाती है और संतों का सान्निध्य समाज को सद्मार्ग की ओर अग्रसर करता है।

उन्होंने कहा कि आचार्य श्री 108 समय सागर जी महाराज जीवित देवता स्वरूप हैं और उनका भोपाल में चातुर्मास पूरे प्रदेश के लिए सौभाग्य का विषय है।

विधानसभा में प्रवचन के लिए विशेष सत्र का ऐलान

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार विधानसभा का एक विशेष सत्र बुलाकर आचार्य श्री को प्रवचन के लिए आमंत्रित करेगी। उनका मार्गदर्शन जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों को नैतिक मूल्यों और जनसेवा की प्रेरणा देगा।

गौ संरक्षण और भारतीय ज्ञान परंपरा पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार गौशालाओं के संरक्षण और गौमाता के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भारतीय ज्ञान परंपरा को आधुनिक स्वरूप में आगे बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता के लिए पुरुषार्थ आवश्यक है और अहिंसा, परोपकार तथा सेवा का मार्ग अपनाकर प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन को सार्थक बना सकता है।

समान नागरिक संहिता का भी किया उल्लेख

मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी धर्मों और उनकी आस्थाओं का सम्मान करते हुए राज्य सरकार ने प्रदेश में समान नागरिक संहिता (UCC) विधेयक पारित किया है। उन्होंने कहा कि गौ संरक्षण के क्षेत्र में सरकार और अधिक प्रभावी कदम उठाएगी तथा इस संबंध में आचार्य श्री का मार्गदर्शन भी प्राप्त करेगी।

आचार्य समय सागर जी ने दिया अहिंसा का संदेश

आचार्य श्री 108 समय सागर जी महाराज ने कहा कि अहिंसा किसी एक धर्म की नहीं, बल्कि पूरे विश्व की संस्कृति है। जिनके मन में दया, करुणा, परोपकार और दूसरों के कल्याण का भाव होता है, वही वास्तविक रूप से अहिंसा के उपासक हैं।

उन्होंने उपस्थित श्रद्धालुओं को आशीर्वाद देते हुए प्रेम, सेवा और करुणा का संदेश दिया।

कई जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

कार्यक्रम में खेल एवं युवा कल्याण तथा सहकारिता मंत्री विश्वास कैलाश सारंग, राहुल कोठारी, रविंद्र यति, दिगंबर जैन पंचायत कमेटी ट्रस्ट के अध्यक्ष पंकज जैन ‘सुपारी’ सहित बड़ी संख्या में जैन समाज के श्रद्धालु एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

About The Author