उग्र आंदोलन की तैयारी में शराब दुकान कर्मचारी, वेतन में कटौती से हैं नाराज, 31 दिसंबर तक का दिया अल्टीमेटम…

रायपुर।
राजधानी रायपुर की सभी शासकीय मदिरा दुकानों में कार्यरत कर्मचारियों की नवंबर माह की सैलरी में भारी कटौती किए जाने से हड़कंप मच गया है। सुपरवाइजर, सेल्समैन और मल्टी वर्करों की सैलरी में हजारों रुपये की सीधी कटौती से कर्मचारियों में गहरा रोष व्याप्त है और आंदोलन की आहट तेज हो गई है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार नवंबर माह की सैलरी में सुपरवाइजर के करीब 10 हजार रुपये, सेल्समैन के 7 हजार रुपये और मल्टी वर्कर के 5 हजार रुपये तक काट लिए गए हैं। यह कटौती BIS कंपनी द्वारा की गई है। कर्मचारियों के अनुसार जब इस संबंध में कंपनी से सवाल किया गया तो बताया गया कि दुकानों में पड़े डैमरेज स्टॉक के कारण CSMCL द्वारा BIS कंपनी पर 80 लाख रुपये का पेनल्टी लगाया गया है, जिसकी भरपाई कर्मचारियों की सैलरी से की जा रही है।


कर्मचारियों का आरोप है कि यह पहली बार नहीं है। इससे पहले भी हर महीने उनकी सैलरी से 1500 से 2000 रुपये तक की नियमित कटौती की जाती रही है। शासकीय ऐप सेवासुविधा में जहां एक सुपरवाइजर की सैलरी 37,970 रुपये दर्शाई गई है, वहीं वास्तविकता में BIS कंपनी ने केवल 27,700 रुपये ही उनके खाते में ट्रांसफर किए हैं।


कर्मचारियों ने डैमरेज स्टॉक को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि डैमेज स्टॉक वह माल होता है जो छह महीने से लेकर सालभर तक दुकानों में पड़ा रहता है और बिकता नहीं है। यह स्टॉक कर्मचारियों की मांग पर नहीं, बल्कि जिला अधिकारियों द्वारा अधिक कमीशन वाले ब्रांड जबरन दुकानों में भेजे जाते हैं, जिन्हें ग्राहक पसंद ही नहीं करते। ऐसे में इसकी सजा कर्मचारियों को सैलरी कटौती के रूप में देना पूरी तरह अन्यायपूर्ण है।


आक्रोश तब और बढ़ गया जब BIS कंपनी ने यह कह दिया कि आने वाले चार महीनों तक भी इसी तरह सैलरी कटौती जारी रहेगी। कर्मचारियों ने दो टूक चेतावनी दी है कि यदि 28 दिसंबर तक कटी हुई सैलरी वापस नहीं की गई, तो 31 दिसंबर को कंपनी के खिलाफ उग्र आंदोलन किया जाएगा और राजधानी की सभी शासकीय मदिरा दुकानों का शटर डाउन कर दिया जाएगा।


अब देखना यह होगा कि प्रशासन और संबंधित एजेंसियां कर्मचारियों की इस गंभीर समस्या पर क्या कदम उठाती हैं, क्योंकि नए साल से पहले शराब दुकानों के शटर डाउन होने से व्यवस्था पर बड़ा असर पड़ सकता है।

About The Author