निगम में फटाका दुकान के लिए 93 अस्थाई भूखंडों का आबंटन, 4.30 लाख की हुई आय

राजनांदगांव | दीपावली पर्व के मद्देनज़र नगर निगम राजनांदगांव द्वारा फटाका दुकानों के लिए लॉटरी प्रणाली के माध्यम से 93 अस्थाई भूखंडों का आबंटन किया गया। महापौर मधुसूदन यादव और नगर निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा के निर्देश पर निगम सभागृह में यह प्रक्रिया पूरी की गई। इस आबंटन से निगम को कुल 4 लाख 29 हजार 660 रुपए की आय प्राप्त हुई है।नगर निगम राजस्व अधिकारी राजेश तिवारी ने जानकारी दी कि इस वर्ष फटाका दुकान लगाने के लिए राजस्व कार्यालय में 99 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें से 93 लाइसेंसी फटाका विक्रेताओं ने निर्धारित शुल्क जमा कर भूखंड प्राप्त किए। इस बार प्रति दुकान के आबंटन शुल्क में 10 प्रतिशत की वृद्धि की गई है, जिसके तहत 4,620 रुपए प्रति दुकान शुल्क निर्धारित किया गया।फटाका दुकानें म्युनिसिपल स्कूल मैदान में स्थापित की जाएंगी। निगम प्रशासन ने सभी फटाका व्यवसायियों को शासन द्वारा जारी गाइडलाइन का पालन करने और फायर सेफ्टी की सभी आवश्यक व्यवस्थाएं रखने के निर्देश दिए हैं।
लॉटरी से हुआ फटाका दुकानों का आबंटन...

आबंटन कार्यक्रम के दौरान कार्यपालन अभियंता दीपक खाण्डे, राजस्व उपनिरीक्षक रविन्द्र ठाकुर सहित राजस्व विभाग का अमला और फटाका व्यवसायी उपस्थित रहे।