रायपुर की यातायात व्यवस्था सुधारने पुलिस और नगर निगम ने बनाई 2 माह की कार्ययोजना
रायपुर की यातायात व्यवस्था सुधारने पुलिस और नगर निगम ने बनाई 2 माह की कार्ययोजना
रायपुर। शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला और नगर निगम कमिश्नर विश्वदीप ने दो माह की विशेष कार्ययोजना तैयार की है। इस योजना का मुख्य उद्देश्य शहर के प्रमुख मार्गों और चौक-चौराहों पर यातायात के दबाव को कम करना और नागरिकों को बेहतर आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराना है। इस संबंध में आज पुलिस कंट्रोल रूम में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें तीनों जोन के पुलिस उपायुक्त और ट्रैफिक पुलिस उपायुक्त उपस्थित रहे।
बैठक में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय
यातायात को सुव्यवस्थित करने के लिए प्रशासन ने निम्नलिखित कदम उठाने का निर्णय लिया है:
शहर के सभी प्रमुख मार्गों को चरणबद्ध तरीके से ठेले, खोमचे और अतिक्रमण से मुक्त कराया जाएगा।
सभी प्रमुख तिराहों और चौक-चौराहों के 50-50 मीटर के दायरे में नो पार्किंग और नो वेंडिंग जोन लागू किया जाएगा।
रिंग रोड नंबर 1 पर टाटीबंध चौक से जोरा ब्रिज तक सर्विस रोड पर खड़े वाहनों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रमुख मार्गों पर रोड मार्किंग और जेब्रा क्रॉसिंग का कार्य कराया जाएगा।
सिग्नल वाले चौराहों पर कंक्रीट ब्लॉक रखकर लेफ्ट टर्न को फ्री किया जाएगा, ताकि वाहनों का आवागमन निर्बाध रहे।
बाजार क्षेत्रों को व्यवस्थित करने के लिए नए वेंडर जोन निर्धारित किए जाएंगे।
नियमों के उल्लंघन पर होगी सख्त कार्रवाई
पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने निर्देश दिए कि सड़कों पर अवैध ठेला-गुमटी और अनियंत्रित पार्किंग को पूरी तरह प्रतिबंधित किया जाए। उन्होंने नगर निगम की टीम के साथ मिलकर संयुक्त अभियान चलाने और प्रमुख मार्गों की सतत निगरानी करने की बात कही।
नगर निगम कमिश्नर विश्वदीप ने कहा कि मार्गों को अतिक्रमण मुक्त कराने के बाद पुलिस पेट्रोलिंग पार्टी की यह जिम्मेदारी होगी कि वहां दोबारा कब्जा न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में नगर निगम पुलिस प्रशासन को हर संभव सहयोग देगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
