रायपुर: हिट एंड रन मामले में भरतपुर-सोनहत विधायक के पुत्र लक्की सिंह हिरासत में, तीन आरोपी फरार

रायपुर। राजधानी रायपुर में हिट एंड रन की एक गंभीर घटना सामने आई है। इस मामले में पुलिस ने भरतपुर-सोनहत विधायक रेणुका सिंह के पुत्र लक्की सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि कार में सवार अन्य तीन आरोपियों की तलाश जारी है।

घटना तेलीबांधा थाना क्षेत्र की है। रविवार और सोमवार की दरमियानी रात करीब दो बजे अग्रसेन धाम के पास तेज रफ्तार कार ने एक बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सूत्रों के अनुसार, कार में विधायक पुत्र लक्की सिंह सहित दो युवक और दो युवतियां सवार थीं। घटना के समय कार लक्की सिंह चला रहे थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लक्की सिंह को हिरासत में ले लिया, जबकि अन्य तीन लोग मौके से फरार हो गए।

तेलीबांधा थाना प्रभारी अविनाश सिंह ने बताया कि आरोपी लक्की सिंह के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है और उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

About The Author