रायपुर आईजी ने ली रेंज के पुलिस अधीक्षकों की समीक्षा बैठक, मादक पदार्थों की तस्करी रोकने और सुरक्षा व्यवस्था पर दिए कड़े निर्देश
रायपुर। रायपुर रेंज के आईजी अमरेश मिश्रा ने शुक्रवार को रेंज के पुलिस अधीक्षकों की महत्वपूर्ण बैठक ली। इस बैठक में उन्होंने अपराधों की समीक्षा करते हुए कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए जरूरी दिशा-निर्देश दिए। आईजी ने विशेष रूप से मादक पदार्थों की तस्करी पर लगाम लगाने के लिए अंतर्राज्यीय सीमाओं पर निगरानी बढ़ाने और एंड-टू-एंड जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
बैठक में रायपुर जोन के अंतर्गत आने वाले रायपुर ग्रामीण, महासमुंद, गरियाबंद, धमतरी और बलौदाबाजार जिलों के पुलिस अधीक्षक एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शामिल हुए। इस दौरान बेहतर कार्यालय प्रबंधन और मानव संसाधन प्रबंधन पर विस्तृत परिचर्चा की गई। आईजी ने लंबित अपराधों, चिटफंड प्रकरणों और साइबर अपराधों की समीक्षा करते हुए नवीन कानूनों के तहत दर्ज मामलों की गुणवत्तापूर्ण विवेचना और समय पर निराकरण करने पर जोर दिया। इसके साथ ही थानों में जब्त वाहनों की नीलामी, राजसात की कार्रवाई और गौवंश तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने की बात कही।
रेंज स्तर पर चलाए जा रहे निश्चय अभियान के तहत आईजी ने निर्देश दिए कि नशे की तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने मादक पदार्थों के अवैध व्यापार में वित्तीय जांच (फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन) और एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रभावी कार्रवाई करने को कहा। स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और किशोर अपराधों पर नियंत्रण के लिए कार्ययोजना बनाने तथा शैक्षणिक संस्थानों के आसपास नशे की बिक्री पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
आगामी होली और रमजान जैसे त्योहारों को देखते हुए शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सूचना तंत्र मजबूत करने और गुंडा-बदमाशों के विरुद्ध अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। चाकूबाजी और अड्डेबाजी की घटनाओं को रोकने के लिए संवेदनशील स्थानों पर लगातार चेकिंग और पेट्रोलिंग करने को कहा गया है। इसके अलावा, यातायात व्यवस्था को सुधारने और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए मालवाहक वाहनों में यात्री परिवहन और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सघन अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। आगामी विधानसभा बजट सत्र को लेकर भी सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं।
