दशहरा पर्व पर रावण दहन की धूम.

रायपुर। विजयादशमी पर्व पर राजधानी रायपुर एक बार फिर रावण दहन के भव्य उत्सव का गवाह बनेगा। हजारों की संख्या में श्रद्धालु और नागरिक इस आयोजन में शामिल होंगे। भीड़ और यातायात व्यवस्था को देखते हुए जिला प्रशासन, पुलिस विभाग और नगर निगम ने मिलकर व्यापक तैयारियां की हैं, ताकि लोग बिना किसी परेशानी के सुरक्षित तरीके से उत्सव का आनंद ले सकें।
रावण दहन कार्यक्रम रायपुर के 5 मुख्य मैदानों में आयोजित...

डब्ल्यू.आर.एस. कॉलोनी दशहरा मैदान : यहां प्रवेश फाफाडीह से खमतराई ओवरब्रिज के नीचे से मिलेगा। पार्किंग के लिए केंद्रीय विद्यालय मैदान और कॉलोनी की गलियों का इस्तेमाल होगा। खमतराई व उरकुरा से आने वाले लोग रेलवे क्रॉसिंग के पास पार्किंग कर पैदल पहुंच सकेंगे।
रावणभाठा मैदान, भाठागांव : पार्किंग व्यवस्था रिंग रोड नंबर-1 बस स्टैंड मार्ग और नेहरू नगर बस टर्मिनल के पास खाली मैदान में रहेगी।
बी.टी.आई. ग्राउंड, शंकर नगर : पार्किंग हेतु कचना-खम्हारडीह मार्ग निर्धारित है। शंकर नगर मुख्य मार्ग पर पार्किंग पूरी तरह से प्रतिबंधित होगी।
चौबे कॉलोनी दशहरा मैदान : यहां दर्शक जी.ई. रोड से चौबे कॉलोनी टर्निंग या अग्रसेन चौक से समता कॉलोनी होकर पहुंचेंगे। वाहनों की पार्किंग के लिए कॉलोनी की गलियों का उपयोग होगा।
सप्रे शाला मैदान : यहां आने वाले लोग बूढ़ातालाब पार्किंग स्थल और गांधी मैदान में वाहन खड़े कर सकेंगे, इसके बाद पैदल मैदान तक पहुंचना होगा।
सुरक्षा और ट्रैफिक मैनेजमेंट...

रावण दहन में भारी भीड़ जुटने का अनुमान है। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक स्थल पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती रहेगी। ट्रैफिक पुलिस द्वारा डायवर्जन, बैरिकेडिंग और मार्ग बदलने की योजना लागू की जाएगी।
प्रशासन का दावा है कि सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। दर्शक सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण में इस परंपरागत उत्सव का आनंद ले सकेंगे।