Raipur Dahi Handi Utsav: दही हांडी उत्सव के लिए रायपुर पहुंचे भजन गायक लखबीर सिंह लक्खा, 5 सितंबर को सजेगी भव्य भजन संध्या

अवधपुरी मैदान में होगा विशाल आयोजन, B Praak और गरिमा स्वर्णा दिवाकर की प्रस्तुतियां भी रहेंगी खास आकर्षण

रायपुर। गुढ़ियारी के अवधपुरी मैदान में 5 सितंबर को आयोजित होने वाले विशाल दही हांडी उत्सव की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। भव्य आयोजन में भजन संध्या की प्रस्तुति देने के लिए अंतरराष्ट्रीय प्रसिद्ध भजन गायक लखबीर सिंह लक्खा शुक्रवार को रायपुर पहुंच गए हैं।

लखबीर सिंह लक्खा के रायपुर पहुंचने के साथ ही दही हांडी उत्सव को लेकर श्रद्धालुओं और भजन प्रेमियों का उत्साह और बढ़ गया है। वे 5 सितंबर को अवधपुरी मैदान में अपनी लोकप्रिय भजनों की प्रस्तुति देकर माहौल को भक्तिमय बनाएंगे।

पुरुष और महिला दही हांडी प्रतियोगिता होगी खास

आयोजन समिति के अनुसार इस वर्ष दही हांडी उत्सव को पहले से अधिक भव्य स्वरूप दिया गया है। कार्यक्रम में पुरुष दही हांडी, महिला दही हांडी और ग्रीसयुक्त खंभा दही हांडी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।

इन रोमांचक प्रतियोगिताओं में प्रतिभागी दही हांडी फोड़ने के लिए अपनी टीम के साथ जोर-आजमाइश करते नजर आएंगे।

B Praak और गरिमा स्वर्णा दिवाकर की भी प्रस्तुति

दही हांडी उत्सव में धार्मिक कार्यक्रमों के साथ-साथ संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी। प्रसिद्ध गायक B Praak अपनी प्रस्तुति देंगे। वहीं छत्तीसगढ़ की लोक गायिका गरिमा स्वर्णा दिवाकर भी अपनी प्रस्तुति से दर्शकों का मनोरंजन करेंगी।

इस तरह आयोजन में भक्ति संगीत, लोक संस्कृति और दही हांडी प्रतियोगिताओं का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।

बसंत अग्रवाल ने बताया- तैयारियां अंतिम दौर में

आयोजन समिति के संयोजक बसंत अग्रवाल ने बताया कि 5 सितंबर को अवधपुरी मैदान में होने वाले कार्यक्रम को लेकर सभी तैयारियां तेजी से पूरी की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि शहरवासियों को धार्मिक उत्साह, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और रोमांचक दही हांडी प्रतियोगिताओं से भरपूर भव्य आयोजन देखने को मिलेगा।

लखबीर सिंह लक्खा के स्वागत में उमड़ा जनसमूह

रायपुर पहुंचने पर लखबीर सिंह लक्खा का आयोजन समिति और कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। स्वागत के दौरान प्रकाश माहेश्वरी, पुष्पेंद्र उपाध्याय, आजाद गुर्जर, संजय अग्रवाल, अभिषेक अग्रवाल, मनीष ठाकुर, वंश अग्रवाल, निखिल अग्रवाल समेत हजारों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

5 सितंबर को होने वाले इस भव्य आयोजन को लेकर रायपुरवासियों में खासा उत्साह है। धार्मिक आस्था, संगीत और रोमांच से भरपूर यह दही हांडी उत्सव शहर के प्रमुख आकर्षणों में शामिल होने जा रहा है।

About The Author