प्रधानमंत्री मोदी दो दिवसीय यात्रा पर मलेशिया पहुंचे, पीएम अनवर इब्राहिम ने किया स्वागत

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर पहुंच गए हैं। द्विपक्षीय संबंधों के उन्नत होने के बाद प्रधानमंत्री की यह पहली और कुल तीसरी मलेशिया यात्रा है। कुआलालंपुर पहुंचने पर प्रधानमंत्री मोदी का भव्य स्वागत किया गया, जहाँ मलेशियाई प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम स्वयं उनकी अगवानी करने पहुंचे।

प्रधानमंत्री मोदी ने इस गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह दोनों देशों के बीच मित्रता के संबंधों को और अधिक प्रगाढ़ बनाने के लिए उत्सुक हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के साथ एक तस्वीर साझा करते हुए बताया कि वे दोनों कुआलालंपुर में आयोजित होने वाले एक सामुदायिक कार्यक्रम के लिए साथ जा रहे हैं।

इस यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच रक्षा, सुरक्षा, आर्थिक सहयोग और नवाचार जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों पर चर्चा की जाएगी। साथ ही आपसी हित के उभरते विषयों पर भी सहयोग बढ़ाने पर जोर रहेगा।

आज शाम प्रधानमंत्री मोदी कुआलालंपुर में सेलामत दातंग मोदी जी नामक एक विशेष सामुदायिक कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस रिसेप्शन में भारतीय मूल के लगभग 15,000 लोगों के शामिल होने की संभावना है।


About The Author