कमर्शियल एलपीजी की संभावित कमी: होटल संचालकों को एसोसिएशन की नसीहत, घबराहट में न जमा करें सिलेंडर

रायपुर। प्रदेश में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की संभावित कमी को देखते हुए छत्तीसगढ़ होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन ने राज्य के सभी होटल, रेस्टोरेंट और फूड व्यवसाय संचालकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। एसोसिएशन ने अपील की है कि संचालक घबराहट में गैस सिलेंडर जमा न करें और संयम बनाए रखें।

जारी एडवाइजरी में कहा गया है कि होटल और रेस्टोरेंट संचालक किचन के जरूरी संचालन और आवश्यक मेन्यू आइटम्स को प्राथमिकता दें, ताकि सीमित गैस सप्लाई के बीच भी ग्राहकों को आवश्यक सेवाएं मिलती रहें। इसके साथ ही जहां संभव हो, वहां इलेक्ट्रिक कुकिंग उपकरण जैसे इंडक्शन चूल्हा, इलेक्ट्रिक राइस कुकर और अन्य विकल्पों का उपयोग करने की सलाह दी गई है, ताकि एलपीजी पर निर्भरता कम की जा सके।

एसोसिएशन के अध्यक्ष तरनजीत सिंह होरा ने कहा कि कमर्शियल एलपीजी सप्लाई की स्थिति को लेकर संबंधित अधिकारियों और गैस सप्लायर से लगातार संपर्क में हैं और जल्द ही समस्या के समाधान की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर होटल और रेस्टोरेंट संचालक पाइप्ड नेचुरल गैस और अन्य वैकल्पिक ईंधन व्यवस्था पर भी विचार कर सकते हैं।

एसोसिएशन ने सभी फूड व्यवसाय संचालकों से अपील की है कि वे स्थिति को समझते हुए सहयोग करें और अनावश्यक रूप से गैस सिलेंडर का स्टॉक न करें, ताकि सप्लाई व्यवस्था संतुलित बनी रहे।

About The Author