दिल्ली-एनसीआर में वायु गुणवत्ता खराब, सुबह धुंध की परत के साथ एक्यूआई 264 दर्ज
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली और एनसीआर में जहरीली हवा से राहत नहीं मिल रही है। बृहस्पतिवार सुबह वातावरण में धुंध की परत छाई रही। हालांकि हवा की गुणवत्ता में कुछ सुधार हुआ है और एक्यूआई बहुत खराब श्रेणी से सुधारकर खराब श्रेणी में आ गया है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार आज सुबह सात बजे दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 264 दर्ज किया गया। आईटीओ के आसपास एक्यूआई 287, कर्तव्य पथ 230, अलीपुर 275, आनंद विहार 262, बुराड़ी 272, चांदनी चौक 294, द्वारका 288, दिल्ली एयरपोर्ट 240, जहांगीरपुरी 290 और लोधी रोड 149 रिकॉर्ड किया गया।
दिल्ली के पड़ोसी क्षेत्रों में नोएडा सेक्टर-62 का एक्यूआई 216, गाजियाबाद वसुंधरा 280, इंदिरापुरम 274 और गुरुग्राम सेक्टर-51 में 269 दर्ज किया गया।
सीपीसीबी के आंकड़ों के अनुसार, बुधवार को दिन में वायु गुणवत्ता में सुधार देखा गया था, लेकिन रात को फिर से खराब स्थिति बनी और शाम चार बजे दिल्ली का एक्यूआई 202 के साथ खराब श्रेणी में रहा।
