रायगढ़ में देह व्यापार के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मकान मालिक सहित महिला गिरफ्तार

रायगढ़। जिले में देह व्यापार के अवैध कारोबार के विरुद्ध पुलिस ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में चक्रधरनगर थाना क्षेत्र के बोईरदादर इलाके में पुलिस ने एक ठिकाने पर दबिश देकर अनैतिक गतिविधियों का भंडाफोड़ किया है। पुलिस की इस सक्रियता से अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

सीएसपी मयंक मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सटीक सूचना के आधार पर बोईरदादर स्थित एक मकान में छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने मकान मालिक नारायण वैष्णव और एक संदिग्ध महिला को हिरासत में लिया। पुलिस ने आरोपी मकान मालिक के खिलाफ पीटा एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। मौके से नकदी, मोबाइल फोन और अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी जब्त की गई है।

इस संयुक्त कार्रवाई में चक्रधरनगर थाना, साइबर थाना और महिला थाना की टीम शामिल रही। गौरतलब है कि रायगढ़ पुलिस द्वारा एक सप्ताह के भीतर पीटा एक्ट के तहत की गई यह तीसरी बड़ी कार्रवाई है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट किया है कि रायगढ़ पुलिस देह व्यापार जैसी सामाजिक बुराइयों को जड़ से मिटाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने चेतावनी दी है कि जिले में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और संलिप्त लोगों पर कठोर कार्रवाई जारी रहेगी

About The Author