नशे के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 4 महिलाओं सहित 13 आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर। जिले में सूखे नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान जारी है। अलग अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए गांजा और प्रतिबंधित नशीली टेबलेट के अवैध कारोबार में संलिप्त 4 महिलाओं समेत 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से 8 किलो से अधिक गांजा और 2925 नशीली टेबलेट जब्त की गई हैं।
यह कार्रवाई सरकंडा, सिविल लाइन, बेलगहना, सीपत, कोनी, कोटा, रतनपुर, बिल्हा और सिरगिट्टी थाना क्षेत्रों में की गई। पुलिस ने 12 गांजा तस्करों और एक प्रतिबंधित टेबलेट विक्रेता को पकड़ा है। जब्त 2925 नशीली टेबलेट की कीमत 11 हजार 497 रुपये आंकी गई है।
कोनी थाना क्षेत्र में अवैध गांजा बिक्री के मामले में आरोपी महिला पूर्णिमा वर्मा को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 1 किलो 256 ग्राम गांजा और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। जब्त सामान की कुल कीमत 36 हजार रुपये बताई गई है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 बी के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
