रायपुर के मरीन ड्राइव स्थित बीएसयूपी कॉलोनी में पुलिस की दबिश, तड़के सुबह चला सघन जांच अभियान
रायपुर। मरीन ड्राइव स्थित बीएसयूपी कॉलोनी में रविवार तड़के पुलिस ने अचानक दबिश देकर सघन चेकिंग अभियान चलाया। सुबह करीब 4.00 बजे शुरू हुई इस कार्यवाही में 36 महिला पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम शामिल रही। पुलिस ने कॉलोनी के सभी 40 ब्लॉक और 640 क्वार्टरों की जांच कर वहां रहने वाले लोगों का सत्यापन किया।
जांच के दौरान पुलिस ने निवासियों से उनके परिवार के सदस्यों, मूल निवास और कामकाज के संबंध में विस्तृत जानकारी एकत्र की। इसके साथ ही वहां खड़ी गाड़ियों के नंबर नोट किए गए और वाहन स्वामियों को दस्तावेज लेकर थाना पहुंचने का नोटिस दिया गया। पुलिस प्रशासन के अनुसार, कमिश्नरेट प्रणाली लागू होने के बाद बढ़ी सक्रियता और लगातार पेट्रोलिंग के कारण इस अभियान के दौरान कोई भी आपत्तिजनक वस्तु या संदिग्ध व्यक्ति नहीं मिला।
संवाद से समाधान कार्यक्रम के तहत हुई कार्यवाही
यह अभियान ‘संवाद से समाधान’ कार्यक्रम की कड़ी के रूप में देखा जा रहा है। हाल ही में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त तारकेश्वर पटेल, सहायक पुलिस आयुक्त रमाकांत साहू और तेलीबांधा थाना प्रभारी ने कॉलोनीवासियों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुनी थीं। निवासियों ने मुख्य रूप से तीन समस्याएं बताई थीं, जिनमें कॉलोनी और देवारपारा के बीच टूटी दीवार से असामाजिक तत्वों का प्रवेश, शिकायत के लिए संपर्क नंबर का अभाव और सीसीटीवी कैमरों की आवश्यकता शामिल थी।
पुलिस ने बताया कि इनमें से दीवार की मरम्मत और संपर्क नंबर की शिकायतों का निराकरण कर दिया गया है, जबकि सीसीटीवी कैमरे लगाने की प्रक्रिया जारी है। पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे निरंतर अभियान और सक्रियता के चलते क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
