PM Modi Security Officer Death : नवा रायपुर में प्रधानमंत्री कार्यक्रम के बीच प्रधान आरक्षक की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में निधन
रायपुर, 1 नवंबर। छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस (Chhattisgarh Foundation Day) के ऐतिहासिक मौके पर नवा रायपुर में आयोजित मुख्य समारोह के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) की सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात एक प्रधान आरक्षक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि कार्यक्रम के बीच उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके।
ड्यूटी के दौरान गिरी तबीयत, साथी जवानों ने पहुंचाया अस्पताल
जानकारी के मुताबिक, मृतक का नाम फुलजेश पन्ना था, जिनकी उम्र लगभग 51 वर्ष थी। वे मूल रूप से जशपुर जिले के रहने वाले थे और इस समय कांकेर पुलिस लाइन में पदस्थ थे। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम (PM Modi Visit Raipur) में सुरक्षा व्यवस्था के बीच उन्हें अचानक चक्कर आने लगे। साथी पुलिसकर्मियों ने तुरंत एंबुलेंस बुलाकर उन्हें रामकृष्ण केयर अस्पताल पहुँचाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
राजधानी में सुरक्षा के सख्त इंतजाम
छत्तीसगढ़ की राजधानी नवा रायपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi Chhattisgarh Tour) के आगमन को लेकर सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए थे। सुबह से ही अलग-अलग सुरक्षा एजेंसियों की टीमें मोर्चे पर तैनात थीं। प्रधानमंत्री ने अपने कार्यक्रम की शुरुआत ‘शांति शिखर’ ध्यान केंद्र के उद्घाटन से की, इसके बाद उन्होंने नए विधानसभा भवन में अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण और पौधारोपण किया।
पुलिस विभाग और साथियों ने जताया शोक
प्रधान आरक्षक की अचानक मौत से पूरे पुलिस बल में शोक की लहर दौड़ गई। विभाग के अधिकारियों ने इसे एक बड़ी क्षति बताया और कहा कि फुलजेश पन्ना अपने कर्तव्यों के प्रति हमेशा समर्पित रहे। उनका शव पोस्टमार्टम के लिए मेकाहारा अस्पताल भेजा गया है और कोतवाली थाना क्षेत्र में मामले की एंट्री की गई है।
