राजनांदगांव के बसंतपुर थाने में शांति समिति की बैठक संपन्न, होली और रमजान को लेकर प्रशासन ने जारी किए निर्देश
राजनांदगांव। आगामी होली पर्व और रमजान को शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना बसंतपुर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर के दिशा-निर्देश पर आयोजित इस बैठक में नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन और थाना प्रभारी एमन साहू ने क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों व समाज प्रमुखों से चर्चा की।
बैठक में उपस्थित पार्षदगण और सर्वसमाज के प्रतिनिधियों ने जिले की पुरानी परंपरा के अनुसार आपसी भाईचारे के साथ त्योहार मनाने का भरोसा दिलाया। इस दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन की ओर से कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए और आम जनता से अपील की गई।
होली पर्व के दौरान मुख्य चौक-चौराहों पर पुलिस के स्टेटिक प्वाइंट लगाए जाएंगे और लगातार गश्त की जाएगी। शराब पीकर वाहन चलाने, तीन सवारी बैठाने और साइलेंसर से आवाज निकालने वाले चालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसे वाहनों को जब्त कर सीधे न्यायालय में पेश किया जाएगा। साथ ही सुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार साउंड सिस्टम का उपयोग निर्धारित ध्वनि सीमा में ही करना अनिवार्य होगा, उल्लंघन करने पर कोलाहल अधिनियम के तहत कार्रवाई होगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि फाग प्रतियोगिता या अन्य सार्वजनिक कार्यक्रमों के लिए एसडीएम की अनुमति आवश्यक होगी। किसी से भी जबरन चंदा वसूली नहीं की जाएगी और न ही किसी की इच्छा के विरुद्ध रंग लगाया जाएगा। होलिका दहन के लिए बिजली के खंभों, ट्रांसफार्मर या डामर सड़कों से दूर सुरक्षित स्थानों का चयन करने के निर्देश दिए गए हैं। पर्यावरण संरक्षण को देखते हुए हरे वृक्षों की जगह गोबर के कंडों का उपयोग करने की अपील की गई है।
बोर्ड परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए ध्वनि प्रदूषण पर विशेष नियंत्रण रखने के निर्देश दिए गए हैं। तालाबों और नदियों पर सुरक्षा के लिए गोताखोर तैनात रहेंगे। सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार के भ्रामक संदेश प्रसारित न हों, इसके लिए समाज के जिम्मेदार लोगों से निगरानी रखने का आग्रह किया गया है। किसी भी आपात स्थिति के लिए पुलिस ने डायल 112 और स्थानीय थाना नंबरों पर संपर्क करने को कहा है।
