इकलौते बेटे के वियोग में माता-पिता ने दी जान: सुसाइड नोट में लिखा- आदित्य के बिना सूना हो गया जीवन, परिजनों से की अंतिम विदाई की अपील

जांजगीर-चांपा। जिले के धरदेई गांव में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां इकलौते बेटे की मौत के गम में डूबे माता-पिता ने एक साथ फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। सोमवार की सुबह 48 वर्षीय कृष्णा पटेल और उनकी पत्नी रमा बाई पटेल के शव घर के आंगन में पेड़ से लटके मिले।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। जांच के दौरान पुलिस को मृतकों के पास से एक सुसाइड नोट और उनके मोबाइल से एक वीडियो क्लिप बरामद हुई है। सुसाइड नोट में दंपती ने अपने दुख को व्यक्त करते हुए लिखा कि उनका बेटा आदित्य ही उनके जीवन का आधार था, जिसके जाने के बाद संसार में उनका मन नहीं लग रहा है। उन्होंने भगवान से प्रार्थना करते हुए स्वयं को नियति के हवाले करने की बात कही है।

सामने आए वीडियो में दंपती ने अपने बड़े भाइयों से अपील की है कि वे बेटे आदित्य के क्लेम का पैसा प्राप्त करने में सहयोग करें। साथ ही उन्होंने परिजनों से अनुरोध किया है कि वे इस शोक को भुलाकर प्रसन्न मन से उनका अंतिम संस्कार करें। एडिशनल एसपी उमेश कुमार कश्यप ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और बरामद सुसाइड नोट व वीडियो को साक्ष्य के तौर पर शामिल किया गया है।

About The Author