नशा मुक्त अभियान के तहत पखांजूर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, गांजा तस्करी करते एक आरोपी गिरफ्तार
पखांजूर: पुलिस ने नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे नशा मुक्त अभियान के अंतर्गत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने अवैध रूप से गांजे का परिवहन कर रहे एक आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देश और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में की गई है।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
जानकारी के अनुसार, थाना पखांजूर पुलिस को गुरुवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम दुर्गापुर निवासी गुरूपद विश्वास (33 वर्ष) अपनी मोटरसाइकिल पर अवैध गांजा लेकर महाराष्ट्र की ओर से अपने गांव आ रहा है। सूचना मिलते ही एएसआई बिन्दुलता देवांगन के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने ग्राम रूपनगर चौक तिराहा मेन रोड पर घेराबंदी कर संदेही को रोका।
तलाशी में बरामद हुआ गांजा और तौल मशीन
संदेही की तलाशी लेने पर मोटरसाइकिल की डिक्की से प्लास्टिक में पैक 885 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी के पास से एक इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन और मोबाइल फोन भी जब्त किया है। आरोपी के पास मादक पदार्थ के परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं पाए गए।
न्यायिक रिमांड पर भेजा गया जेल
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर कांकेर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार और परिवहन पर लगाम लगाने के लिए इस तरह की कार्रवाइयां आगे भी जारी रहेंगी।
