गरियाबंद में 560 किलो से अधिक गांजा और नशीली टैबलेट नष्ट

गरियाबंद। जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में गरियाबंद पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के अलग अलग मामलों में जब्त बड़ी मात्रा में मादक पदार्थों का नष्टिकरण कराया है। पुलिस ने 34 मामलों में जब्त 560.680 किलोग्राम गांजा और दो मामलों में बरामद 190 नग नशीली टैबलेट को नष्ट कर दिया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार जब्त मादक पदार्थों को रायपुर स्थित जायसवाल निको स्टील पावर प्लांट के फर्नेस में जलाकर पूरी तरह नष्ट किया गया। इस दौरान सभी सुरक्षा और कानूनी मानकों का पालन किया गया। मादक पदार्थों को नष्ट करने से पहले छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल से विधिवत अनुमति भी प्राप्त की गई थी। पूरी प्रक्रिया जिला औषधि निपटारा समिति गरियाबंद की निगरानी में संपन्न हुई।

कार्रवाई के दौरान समिति के अध्यक्ष और पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर मौजूद रहे। उनके साथ समिति के सदस्य अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेन्द्र पटेल और जिला आबकारी अधिकारी गजेन्द्र सिंह भी उपस्थित थे। अधिकारियों की निगरानी में जब्त किए गए गांजा और नशीली टैबलेट को फर्नेस में डालकर नष्ट किया गया।

अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। कार्रवाई के तहत तस्करों को गिरफ्तार किया जा रहा है और जब्त मादक पदार्थों को नियमानुसार नष्ट किया जा रहा है, ताकि उनका दोबारा दुरुपयोग न हो सके।

About The Author