बलौदाबाजार में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण के तहत 24,603 मतदाताओं को नोटिस
बलौदाबाजार। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत जिले में 24,603 मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं। इनमें से अब तक 7,524 मतदाताओं को नोटिस तामील कराई जा चुकी है।
निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार ये नोटिस उन मतदाताओं को जारी किए गए हैं, जिनके नाम, पते, आयु अथवा अन्य विवरणों में संशय, त्रुटि या दोहराव की आशंका पाई गई है। संबंधित मतदाताओं से निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपना पक्ष प्रस्तुत करने का आग्रह किया गया है, ताकि सही तथ्यों के आधार पर मतदाता सूची में आवश्यक संशोधन किया जा सके।
इधर, राज्य सरकार ने किसानों की आर्थिक समृद्धि को ध्यान में रखते हुए आयल पाम की खेती को बढ़ावा देने के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। इसके तहत आयल पाम की खेती करने वाले किसानों को केंद्र सरकार द्वारा दिए जा रहे अनुदान के अतिरिक्त राज्य सरकार टॉपअप के रूप में अतिरिक्त अनुदान प्रदान करेगी। यह अनुदान रखरखाव, अंतरवर्तीय फसल, ड्रिप सिंचाई और फेंसिंग के लिए दिया जाएगा।
उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों के अनुसार केंद्र सरकार के अनुदान के अलावा राज्य सरकार द्वारा 69,620 रुपये प्रति हेक्टेयर का अतिरिक्त टॉपअप अनुदान दिया जाएगा। रखरखाव के लिए पहले से मिल रहे 5,250 रुपये के अतिरिक्त 1,500 रुपये प्रति हेक्टेयर, अंतरवर्तीय फसल के लिए 5,250 रुपये के साथ 5,000 रुपये प्रति हेक्टेयर तथा ड्रिप सिंचाई पर 14,130 रुपये के अतिरिक्त 8,635 रुपये प्रति हेक्टेयर का टॉपअप मिलेगा। इसके साथ ही पहली बार फेंसिंग के लिए भी 54,485 रुपये प्रति हेक्टेयर का अनुदान प्रदान किया जाएगा।
आयल पाम एक दीर्घकालीन फसल है, जिसमें रोपण के चौथे वर्ष से उत्पादन शुरू होकर लगभग 30 वर्षों तक निरंतर आय प्राप्त होती है। पारंपरिक तिलहनी फसलों की तुलना में इसकी तेल उत्पादन क्षमता 4 से 6 गुना अधिक है। अधिक जानकारी के लिए उद्यानिकी विभाग के शेखर जायसवाल से मोबाइल नंबर 8103998548 पर संपर्क किया जा सकता है।
