पलायन नहीं, प्रतिरोध: मोहन भागवत बोले- बांग्लादेशी हिंदुओं की सुरक्षा के लिए संघ रहेगा साथ

नई दिल्ली. राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत ने बांग्लादेश में रहने वाले हिंदुओं से एकजुट होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यदि हिंदू समुदाय संगठित होकर आगे आए, तो वह अपने हितों और सुरक्षा के लिए वहां की राजनीतिक व्यवस्था का प्रभावी ढंग से उपयोग कर सकता है।

मोहन भागवत ने यह अपील बांग्लादेश में हाल के राजनीतिक घटनाक्रमों के बाद भारत विरोधी भावनाओं के बढ़ने से बने माहौल के संदर्भ में की है। समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार उन्होंने कहा कि बांग्लादेश में अभी भी करीब 1.25 करोड़ हिंदू रहते हैं और यदि वे एकजुट होते हैं, तो अपनी स्थिति मजबूत कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि इस बार बांग्लादेशी हिंदुओं ने यह तय किया है कि वे देश छोड़कर भागेंगे नहीं, बल्कि वहीं रहकर अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करेंगे। ऐसे में एकता सबसे जरूरी है और जितनी जल्दी वे संगठित होंगे, उतना ही बेहतर परिणाम सामने आएगा।

आरएसएस प्रमुख ने मुंबई में ‘संघ यात्रा के 100 साल-नए क्षितिज’ विषय पर आयोजित दो दिवसीय व्याख्यान श्रृंखला के दौरान कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ अपनी सीमाओं के भीतर रहते हुए बांग्लादेशी हिंदुओं की हरसंभव मदद करेगा।

उन्होंने विश्वास जताया कि बांग्लादेश में रहने वाले हिंदू अपनी स्थिति में उल्लेखनीय सुधार कर सकते हैं। साथ ही कहा कि इस प्रयास में भारत सहित दुनिया भर के हिंदू अपने-अपने स्तर पर सहयोग करेंगे।

About The Author