मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से नव नियुक्त आईएएस अधिकारियों ने की सौजन्य मुलाकात

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज विधानसभा स्थित उनके कार्यालय कक्ष में राज्य प्रशासनिक सेवा तथा एलाइड सर्विस से भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) में पदोन्नत हुए अधिकारियों ने सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने सभी अधिकारियों को नई जिम्मेदारी मिलने पर बधाई और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भारतीय प्रशासनिक सेवा में चयन होना गर्व का विषय है। यह पद जनसेवा के व्यापक अवसरों के साथ बड़ी जिम्मेदारियां भी लेकर आता है। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा की कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ करें।

मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि शासन की लोककल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि अधिकारियों की सक्रिय भूमिका से प्रदेश के विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।

इस अवसर पर भारतीय प्रशासनिक सेवा में नियुक्त अधिकारी तीर्थराज अग्रवाल, लीना कोसम, बीरेंद्र बहादुर पंचभाई, सुमित अग्रवाल, संदीप कुमार अग्रवाल, आशीष कुमार टिकरिहा, ऋषभ पाराशर और तरुण किरण उपस्थित रहे।

About The Author