सुकमा मुठभेड़ में 5 लाख का इनामी नक्सली ढेर, हथियार बरामद
सुकमा। नक्सलवाद के खात्मे की निर्धारित समय सीमा 31 मार्च 2026 से पहले सुकमा जिले के पोलमपल्ली क्षेत्र के जंगलों में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस कार्रवाई में डीआरजी जवानों ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 5 लाख रुपये के इनामी नक्सली मूचाकी कैलाश को मार गिराया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना पोलमपल्ली क्षेत्र के जंगल-पहाड़ी इलाके में माओवादियों की मौजूदगी की सूचना पर डीआरजी टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। रविवार सुबह सर्चिंग के दौरान जवानों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें दोनों ओर से रुक-रुककर फायरिंग होती रही। मुठभेड़ के बाद सर्चिंग में एक नक्सली का शव और हथियार बरामद किया गया।
मारा गया नक्सली मूचाकी कैलाश सुकमा जिले के चिंतलनार थाना क्षेत्र के पूलनपाड़ का निवासी था और संगठन में प्लाटून नंबर 31 का सेक्शन कमांडर के पद पर सक्रिय था। उस पर 5 लाख रुपये का इनाम घोषित था। वह ग्रामीणों की हत्या, सुरक्षा बलों पर हमले और आईईडी ब्लास्ट की साजिशों सहित कई गंभीर मामलों में शामिल था।
बस्तर रेंज के आईजी Sundarraj P ने कहा कि माओवादी कैडरों के लिए आत्मसमर्पण और पुनर्वास का अवसर अब अंतिम चरण में है। उन्होंने नक्सलियों से अपील की कि वे हिंसा का मार्ग छोड़कर मुख्यधारा में लौटें और शांतिपूर्ण जीवन की शुरुआत करें।
