राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026: बिलासपुर के तीन सेक्टर बनेंगे ट्रैफिक वायलेशन फ्री जोन
बिलासपुर। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के तहत शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में यातायात पुलिस बिलासपुर ने अहम पहल की है। शहर के तीन प्रमुख सेक्टरों अग्रसेन चौक से पुराना बस स्टैंड, कांत वर्मा मार्ग तथा महाराणा प्रताप चौक से नेहरू चौक को ट्रैफिक वायलेशन फ्री जोन के रूप में विकसित किया जा रहा है।
इस अभियान को पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर लागू किया गया है, जिसके तहत आगामी एक माह तक इन क्षेत्रों में विशेष निगरानी और सख्त कार्रवाई की जाएगी। अभियान यातायात पुलिस, जिला प्रशासन और नगर निगम के संयुक्त समन्वय से संचालित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य स्मार्ट सिटी की तर्ज पर शहर की यातायात व्यवस्था को सरल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाना है।
अभियान के तहत अग्रसेन चौक से पुराना बस स्टैंड तक मुख्य मार्ग पर यातायात में बाधा बनने वाले सभी अवैध अतिक्रमण हटाए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यह पहल केवल कार्रवाई तक सीमित नहीं रहेगी। पायलट प्रोजेक्ट की सफलता के बाद पूरे शहर को अलग-अलग सेक्टरों में विभाजित कर चरणबद्ध तरीके से सभी क्षेत्रों को ट्रैफिक वायलेशन फ्री जोन के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके साथ ही जनजागरूकता, सुधारात्मक प्रयास और सतत निगरानी के माध्यम से यातायात व्यवस्था को स्थायी रूप से बेहतर बनाने का प्रयास किया जाएगा।
एएसपी यातायात रामगोपाल करियारे ने बताया कि अग्रसेन चौक से पुराना बस स्टैंड तक लेफ्ट साइड का अतिक्रमण हटाया गया है और यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की है कि वे स्वयं अतिक्रमण हटा लें, अन्यथा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
