दुतकैय्या हिंसा के बाद मुस्लिम जमात की बैठक, आरोपी को जिले से बाहर रखने की मांग

गरियाबंद/राजिम। जिले के दुतकैय्या गांव में हुई हिंसक घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। इसी बीच हिंदू संगठनों की सक्रियता के बीच मुस्लिम जमात ने आरोपी आरिफ खान को परिवार समेत न केवल गांव से बल्कि जिले की सीमा से भी दूर रखने की मांग की है। शांति और सुरक्षा को लेकर राजिम नवापारा में आयोजित मुस्लिम जमात की बैठक में कई अहम निर्णय लिए गए।

इत्तेहाद कमेटी एवं मुस्लिम जमात के अध्यक्ष अल्तमश सिद्दिकी ने बताया कि 1 फरवरी को राजिम थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दुतकैय्या खपरी में सिलसिलेवार हिंसक घटनाएं हुई थीं, जिससे सामाजिक सौहार्द बिगड़ने की स्थिति बन गई थी। बताया गया कि बावेश्वर शिव मंदिर तोड़फोड़ मामले में जमानत पर बाहर आए आरिफ खान ने अपने साथियों इमरान सिद्दिकी और सलीम खान के साथ पुरानी रंजिश के चलते अलग-अलग स्थानों पर हिंसक वारदातों को अंजाम दिया।

घटना के बाद विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष प्रकाश निर्मलकर और बजरंग दल जिला संयोजक मोहित साहू ने मौके का निरीक्षण कर राजिम विश्राम गृह में प्रेस वार्ता की थी। उन्होंने आरोपी को संरक्षण मिलने का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की थी।

मुस्लिम जमात की बैठक में कहा गया कि आरिफ खान की लगातार आपराधिक गतिविधियों से क्षेत्र में भय और असुरक्षा का वातावरण बन गया है। जमात ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि आरोपी और उसके परिवार को गांव के साथ-साथ आसपास के जिलों में भी न रहने दिया जाए।

इसके साथ ही मुस्लिम जमात ने संकट के समय लोगों को सुरक्षित निकालने में पुलिस प्रशासन की भूमिका की सराहना की और आगजनी से प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा देने की भी मांग की है।

About The Author