महाशिवरात्रि पर महाकाल की शरण में पहुंचे संगीतकार प्रीतम और इंडियन आइडल के सितारे
उज्जैन। धार्मिक नगरी उज्जैन में आयोजित विक्रम महोत्सव में अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधने के बाद देशभर के प्रसिद्ध गायक और संगीतकार आज बाबा महाकाल के दरबार में नतमस्तक हुए। प्रसिद्ध संगीतकार प्रीतम के नेतृत्व में कलाकारों के दल ने महाकालेश्वर मंदिर पहुंचकर बाबा महाकाल का आशीर्वाद लिया।
मंदिर पहुंचे कलाकारों में इंडियन आइडल के पहले विजेता अभिजीत सावंत, मीनल जैन, हिमानी कपूर, शाश्वत सिंह और अकासा सिंह शामिल थे। सभी कलाकारों ने भगवान महाकाल के दर्शन किए और विशेष रूप से आयोजित भस्म आरती में सम्मिलित होकर पुण्य लाभ लिया।
दर्शन के पश्चात कलाकारों ने मीडिया से चर्चा में कहा कि महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर बाबा महाकाल के दरबार में हाजिरी लगाना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने उज्जैन की जनता से मिले प्रेम और यहाँ के आध्यात्मिक वातावरण की जमकर सराहना की। गौरतलब है कि महाशिवरात्रि के पर्व पर मंदिर में लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है, ऐसे में फिल्मी जगत के इन सितारों की मौजूदगी ने उत्सव के उत्साह को और बढ़ा दिया।
