मुंगेली आत्महत्या मामला: प्रताड़ना के आरोपी गिरफ्तार, वीडियो सामने आने के बाद हुआ था बवाल
मुंगेली। हिंदू संगठन से जुड़े युवक की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक ने आत्महत्या से पहले एक वीडियो जारी कर विशेष समुदाय से जुड़े युवक द्वारा प्रताड़ित किए जाने का आरोप लगाया था। घटना के बाद हिंदू संगठनों में आक्रोश फैल गया और कोतवाली थाना परिसर के बाहर प्रदर्शन कर आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की गई थी।
घटना मुंगेली जिले के बामपारा क्षेत्र की है, जहां हिंदू संगठन से जुड़े नरेश साहू ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। आत्महत्या से पूर्व बनाए गए वीडियो में नरेश साहू ने एक मुस्लिम युवक पर लगातार प्रताड़ना का आरोप लगाया था। बताया जा रहा है कि बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार के विरोध में हुए पुतला दहन के बाद से नरेश को कथित रूप से परेशान किया जा रहा था।
पुलिस ने मामले की विधिवत जांच करते हुए प्रार्थी से घटनाक्रम की जानकारी ली और उसके कथन के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की। साथ ही सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्य भी जुटाए गए। जांच के बाद पुलिस ने आरोपी सोहेल खान को गिरफ्तार कर लिया है। आगे की कानूनी प्रक्रिया के तहत आरोपी को रिमांड पर लिया जाएगा।
