MP News: मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के तहत 82.70 लाख किसानों को ₹3308 करोड़, हर किसान के खाते में पहुंचे ₹4,000

भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को प्रदेश के किसानों को बड़ी सौगात देते हुए मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के तहत 82.70 लाख से अधिक किसानों के बैंक खातों में ₹3308 करोड़ की राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से हस्तांतरित की। प्रत्येक पात्र किसान के खाते में ₹4,000 की सम्मान निधि पहुंची। यह राशि खंडवा में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव के दौरान जारी की गई।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कृषि प्रदर्शनी का अवलोकन किया और किसानों से आधुनिक, वैज्ञानिक एवं प्राकृतिक खेती अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि बलराम कृषि महोत्सव केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि किसानों को नई तकनीक, वैज्ञानिक खेती और समृद्ध भविष्य से जोड़ने का व्यापक अभियान है।

किसानों की आय बढ़ाने पर सरकार का फोकस

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार खेती को लाभकारी बनाने और किसानों की आय बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने किसानों से मिट्टी की जांच कराने, रासायनिक उर्वरकों का सीमित उपयोग करने, प्राकृतिक एवं जैविक खेती अपनाने तथा फसल विविधीकरण पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 को ‘कृषक कल्याण वर्ष’ के रूप में मनाया जा रहा है और प्रदेशभर में बलराम कृषि महोत्सव आयोजित किए जा रहे हैं।

सिंचाई, बिजली और ड्रोन तकनीक पर जोर

मुख्यमंत्री ने बताया कि मध्यप्रदेश में सिंचाई का रकबा बढ़कर 65 लाख हेक्टेयर हो गया है। पिछले ढाई वर्षों में इसमें 10 लाख हेक्टेयर से अधिक की वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष बारिश के बाद किसानों को रात के साथ दिन में भी सिंचाई के लिए बिजली उपलब्ध कराई जाएगी।

उन्होंने कहा कि किसान अब ड्रोन तकनीक से खाद और बीज का छिड़काव कर रहे हैं, जिससे खेती आधुनिक और अधिक लाभकारी बन रही है।

दुग्ध उत्पादन बढ़ाने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने के लिए सरकार दुग्ध उत्पादन को भी बढ़ावा दे रही है। प्रदेश में दूध उत्पादन को 9 प्रतिशत से बढ़ाकर 20 प्रतिशत तक ले जाने का लक्ष्य रखा गया है।

अगले महीने से शुरू होंगी सरकारी रोडवेज बसें

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अगले महीने से मध्यप्रदेश में सरकारी रोडवेज बस सेवा शुरू की जाएगी। साथ ही गरीब और जरूरतमंद मरीजों के लिए एयर एंबुलेंस सेवा भी उपलब्ध कराई जा रही है।

खंडवा को मिली बड़ी सौगात

मुख्यमंत्री ने खंडवा में पुलिस बटालियन स्थापित करने की घोषणा की। इसके अलावा मूंदी-खंडवा सड़क के निर्माण के लिए 15 सितंबर से पहले टेंडर जारी करने की बात कही।

सांदीपनि विद्यालयों का विस्तार

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में पहले चरण में 275 सांदीपनि विद्यालय स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें 136 बनकर तैयार हो चुके हैं और 105 विद्यालयों का लोकार्पण किया जा चुका है। दूसरे चरण में 200 नए सांदीपनि विद्यालय बनाए जाएंगे।

खिलाड़ियों और युवाओं का किया उल्लेख

मुख्यमंत्री ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में स्वर्ण पदक जीतने वाली मीराबाई चानू, रजत पदक विजेता राजा मुथुपांडी और क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी के प्रदर्शन की भी सराहना की।

हर घर तिरंगा अभियान में भाग लेने की अपील

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से आगामी हर घर तिरंगा अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने और स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों को याद करने का आह्वान किया

About The Author