सीआरपीएफ स्थापना दिवस: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जवानों को दी शुभकामनाएं, कर्तव्यनिष्ठा को किया नमन
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के स्थापना दिवस के अवसर पर सभी जवानों और अधिकारियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने देश की आंतरिक सुरक्षा और राष्ट्र की एकता-अखंडता की रक्षा में सीआरपीएफ के योगदान की सराहना करते हुए जवानों के समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा को नमन किया।
सीआरपीएफ जवानों के साहस को किया सलाम
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अपने संदेश में कहा कि देश की सुरक्षा के लिए अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए सर्वस्व न्यौछावर करने वाले सीआरपीएफ के वीर जवानों का योगदान हमेशा प्रेरणादायी रहेगा। उन्होंने कहा कि जवानों का साहस, अनुशासन और राष्ट्रसेवा का भाव देशवासियों के लिए गर्व का विषय है।
आंतरिक सुरक्षा में निभा रही अहम भूमिका
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) अपनी दक्षता, अनुशासन और प्रभावशाली कार्यशैली के माध्यम से देश की आंतरिक सुरक्षा को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। भारत की सांस्कृतिक विविधता में एकता बनाए रखने और शांति व्यवस्था कायम रखने में सीआरपीएफ का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है।
राष्ट्र सेवा के प्रति समर्पित बल
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विश्वास व्यक्त किया कि सीआरपीएफ के जवान भविष्य में भी इसी समर्पण, साहस और प्रतिबद्धता के साथ राष्ट्र की सेवा करते रहेंगे तथा देश की सुरक्षा को और अधिक सशक्त बनाएंगे।
