9 अगस्त को निकलेगी भव्य तिरंगा यात्रा, हर सांदीपनि विद्यालय में बनेगा खेल परिसर; सीएम मोहन यादव के बड़े निर्देश
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 9 अगस्त अगस्त क्रांति दिवस पर युवाओं की भागीदारी से भोपाल में भव्य तिरंगा यात्रा निकालने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और आज़ादी के मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बनेगी।
सोमवार को राज्य शूटिंग अकादमी में खेल एवं युवा कल्याण विभाग की योजनाओं और मैदानी गतिविधियों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों के पोषण, प्रशिक्षण और खेल अधोसंरचना को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। बैठक में खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
खिलाड़ियों को मिलेगा बेहतर प्रशिक्षण और प्रोत्साहन
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। ऐसे में उनके पोषण, आधुनिक तकनीकों से प्रशिक्षण और कौशल विकास पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने ओलंपिक और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों के लिए जल्द नई पुरस्कार नीति तैयार करने, प्रोत्साहन राशि देने और शासकीय सेवाओं में नियुक्ति की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मल्लखंभ और जिम्नास्टिक अकादमी जल्द होगी शुरू
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि प्रदेश में जल्द से जल्द मल्लखंभ और जिम्नास्टिक अकादमी शुरू की जाए, ताकि इन खेलों के खिलाड़ियों को एक ही स्थान पर विश्वस्तरीय प्रशिक्षण और सभी आवश्यक सुविधाएं मिल सकें।
हर सांदीपनि विद्यालय के पास बनेगा खेल परिसर
डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश के सभी सांदीपनि विद्यालयों में पर्याप्त भूमि उपलब्ध है। इन परिसरों के आसपास खेल विभाग द्वारा आधुनिक खेल परिसर विकसित किए जाएं। उन्होंने स्कूल शिक्षा, उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा, जनजातीय कार्य, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग और युवा आयोग को मिलकर इस दिशा में कार्य करने के निर्देश दिए।
केंद्रीय अनुदान बढ़ाने और खेल सुविधाओं के विस्तार पर जोर
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए केंद्र सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय से लगातार समन्वय बनाए रखें और अधिक से अधिक केंद्रीय अनुदान प्राप्त करें। साथ ही जिन स्थानों पर खेल परिसरों के लिए भूमि आवंटन लंबित है, वहां जिला कलेक्टरों के साथ समन्वय कर प्रक्रिया तेज की जाए।
उन्होंने खेल विभाग में सिविल विंग और प्रोजेक्ट मैनेजमेंट यूनिट (PMU) स्थापित करने की संभावनाओं पर भी शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए, ताकि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और निगरानी बेहतर हो सके।
जिले की प्रतिभा के अनुसार होगा खेल अधोसंरचना का विकास
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि पिछले पांच वर्षों के खेल प्रदर्शन का जिला-वार विश्लेषण किया जाए। जिस जिले से जिस खेल के अधिक खिलाड़ी निकल रहे हैं, वहां उसी खेल की अधोसंरचना को प्राथमिकता दी जाए। साथ ही सरकारी और निजी दोनों तरह के उच्च गुणवत्ता वाले खेल परिसरों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए विकसित किया जाए।
कॉमनवेल्थ गेम्स में एमपी के खिलाड़ियों ने बढ़ाया गौरव
बैठक में खेल मंत्री विश्वास सारंग ने बताया कि हाल ही में स्कॉटलैंड के ग्लास्गो में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स में मध्यप्रदेश के पांच खिलाड़ियों ने भारतीय दल का प्रतिनिधित्व किया, जिनमें दो खिलाड़ियों ने पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया। उन्होंने बताया कि सागर जिले के मालथोन में मल्टी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण किया जा रहा है तथा पीएमयू के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल अधोसंरचना विकसित करने की तैयारी भी जारी है।
