भोपाल बनेगा भारत का नया स्पोर्ट्स हब! 985.76 करोड़ के इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में होगी एशियन महिला हॉकी चैंपियनशिप
भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल जल्द ही वैश्विक खेल मानचित्र पर अपनी नई पहचान बनाने जा रही है। नाथू बरखेड़ा में लगभग 985.76 करोड़ रुपये की लागत से विकसित हो रहा अंतर्राष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स प्रदेश की सबसे महत्वाकांक्षी खेल परियोजनाओं में शामिल है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने निर्माणाधीन परिसर का निरीक्षण करते हुए कहा कि यह परियोजना मध्यप्रदेश को देश का स्पोर्ट्स हब बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस विश्वस्तरीय खेल परिसर में अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के आयोजन से न केवल प्रदेश के खिलाड़ियों को बेहतर अवसर मिलेंगे, बल्कि भोपाल वैश्विक खेल मानचित्र पर भी अपनी मजबूत पहचान स्थापित करेगा।
अक्टूबर-नवंबर में होगी एशियन महिला हॉकी चैंपियनशिप
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय स्तर के सिंथेटिक हॉकी टर्फ का जायजा लिया। खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने बताया कि पहले चरण में 5 हजार दर्शक क्षमता वाले हॉकी स्टेडियम और आधुनिक सिंथेटिक टर्फ का निर्माण पूरा हो चुका है। इसी मैदान पर अक्टूबर-नवंबर 2026 में एशियन महिला हॉकी चैंपियनशिप का आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सभी तैयारियां समय से पहले पूरी करने के निर्देश दिए।
विश्वस्तरीय एथलेटिक्स ट्रैक और फुटबॉल स्टेडियम
मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन सिंथेटिक एथलेटिक्स ट्रैक का भी निरीक्षण किया। यह ट्रैक अंतरराष्ट्रीय एथलेटिक्स मानकों के अनुरूप विकसित किया जा रहा है, जिसमें 10 हजार दर्शकों की क्षमता वाला पवेलियन होगा। ट्रैक के मध्य भाग में आधुनिक फुटबॉल स्टेडियम भी तैयार किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों और दर्शकों दोनों के लिए उच्चस्तरीय सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
तीन चरणों में तैयार होगा मेगा स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स
136.296 एकड़ क्षेत्र में विकसित हो रहे इस मेगा स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स का निर्माण तीन चरणों में किया जा रहा है।
- पहला चरण: एथलेटिक्स स्टेडियम, सिंथेटिक ट्रैक, हॉकी स्टेडियम और प्रैक्टिस फील्ड (निर्माण पूरा)
- दूसरा चरण: इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स, ऑल वेदर स्विमिंग कॉम्पलेक्स, 300 खिलाड़ियों की क्षमता वाला हॉस्टल और घुड़सवारी क्रॉस कंट्री ट्रैक (नवंबर 2026 तक पूर्ण होने का लक्ष्य)
- तीसरा चरण: क्रिकेट स्टेडियम और साइक्लिंग वेलोड्रोम
राज्य सरकार ने पहले चरण के लिए 357.96 करोड़ रुपये तथा दूसरे चरण के लिए 627.80 करोड़ रुपये, यानी कुल 985.76 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की है।
सेना भर्ती के युवाओं का बढ़ाया उत्साह
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने परिसर में चल रही भारतीय सेना की भर्ती प्रक्रिया में शामिल युवाओं से भी मुलाकात की। सेना भर्ती अधिकारियों ने बताया कि 4,500 अभ्यर्थियों को बुलाया गया है, जिनमें से लगभग 3,000 युवाओं का चयन किया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों का प्रशिक्षण 1 जनवरी 2027 से शुरू होगा। मुख्यमंत्री ने सभी युवाओं को भारतीय सेना में चयन के लिए शुभकामनाएं देते हुए देश सेवा के लिए प्रेरित किया।
मुख्यमंत्री के साथ खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग, मध्यप्रदेश युवा आयोग के अध्यक्ष प्रवीण शर्मा, सचिव खेल संजीव सिंह, संचालक खेल अंशुमन यादव सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और खिलाड़ी भी मौजूद रहे।
