रायगढ़ में अवैध अफीम खेती पर बड़ी कार्रवाई, 72 घंटे में कई ठिकानों पर छापे
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देशानुसार रायगढ़ जिले में अवैध मादक पदार्थों की खेती के खिलाफ प्रशासन की सख्त कार्रवाई जारी है। कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के तहत बीते 72 घंटे में तमनार से लेकर लैलूंगा क्षेत्र तक कई स्थानों पर अवैध अफीम खेती के मामले सामने आए हैं।
इस संबंध में पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित प्रेसवार्ता में कलेक्टर ने बताया कि जिले में मादक पदार्थों की अवैध खेती पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सघन जांच और संयुक्त कार्रवाई लगातार जारी है। इसके तहत विभिन्न अनुविभागों में व्यापक ड्रोन सर्वे अभियान चलाया गया, जिसमें खरसिया, घरघोड़ा, तमनार, लैलूंगा, मुकडेगा, रायगढ़, पुसौर और धरमजयगढ़ के कुल 74 ग्रामों का सर्वे किया गया। ड्रोन तकनीक के जरिए दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों में भी निगरानी संभव हो सकी है।
कलेक्टर ने बताया कि पिछले कुछ दिनों में अफीम की खेती के तीन मामले सामने आए हैं और सभी में संबंधित धाराओं के तहत कड़ी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस प्रकार की अवैध गतिविधियों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह ने बताया कि 19 मार्च को मुखबिर की सूचना पर तमनार के आमाघाट में छापेमारी की गई, जहां सब्जी की खेती की आड़ में अवैध रूप से अफीम उगाई जा रही थी। मौके से 60 हजार 326 पौधे बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ रुपये आंकी गई है। मुख्य आरोपी झारखंड निवासी मार्शल सांगा को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पूरी फसल को नष्ट कर दिया गया।
23 मार्च को लैलूंगा तहसील के ग्राम नवीन घटगांव में भी अफीम की अवैध खेती का मामला सामने आया, जहां आरोपी सादराम नाग को हिरासत में लिया गया। वहीं एक अन्य व्यक्ति अभिमन्यु नागवंशी के घर से सूखी अफीम बरामद की गई, जिसे जब्त कर लिया गया।
इसके अलावा मुड़ागांव में भी संदिग्ध खेती के प्रमाण मिले हैं। पुलिस टीम ने वहां से सूखे अवशेष जब्त कर जांच के लिए भेजे हैं। इस मामले में भी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।
एसएसपी ने बताया कि अब तक दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और उनकी भूमिका स्पष्ट होने के बाद नारकोटिक्स एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की है कि ऐसी किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी तुरंत प्रशासन या पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
