रायगढ़ में फ्रेंड्स कॉलोनी चोरी मामले में बड़ी सफलता: 48 घंटे में 25.64 लाख का माल बरामद
रायगढ़। कोतरारोड थाना क्षेत्र के फ्रेंड्स कॉलोनी में 27 दिसंबर को हुई चोरी की घटना में पुलिस ने मात्र 48 घंटे के भीतर महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की है। पुलिस अधीक्षक दिव्यांग पटेल के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने सघन तलाशी अभियान चलाकर चोरी गई तिजोरी को बंद हालत में झाड़ियों से बरामद कर लिया।
तिजोरी से 27 तोला सोने के आभूषण और 64 हजार रुपये नकद सहित कुल 25.64 लाख रुपये मूल्य का माल बरामद हुआ है। प्रार्थी आलोक अग्रवाल ने चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत 54 तोला सोने-चांदी के जेवरात और 2 लाख रुपये नकद बताई थी।
घटना 29 दिसंबर 2025 को दर्ज की गई थी, जब आलोक अग्रवाल के भाई गौरव अग्रवाल ने कोतरारोड थाने में शिकायत दर्ज कराई। आलोक अग्रवाल 27 दिसंबर को निजी कार्य से रायपुर गए थे। 29 दिसंबर को घर की बाई ने मुख्य दरवाजा अंदर से बंद और संदिग्ध स्थिति की जानकारी दी। जांच में बेडरूम की ग्रिल टूटी, ताले क्षतिग्रस्त और सामान बिखरा मिला।
कोतरारोड थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 505/2025 भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) के तहत मामला दर्ज किया गया। घटनास्थल का निरीक्षण एसपी दिव्यांग पटेल, नगर पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा, डीएसपी सुशांतो बनर्जी, थाना प्रभारी मोहन भारद्वाज, साइबर सेल, फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने किया।
बरामदगी प्रार्थी और परिवार की उपस्थिति में पंचनामा के साथ पूरी की गई। पुलिस अब शेष सामान की बरामदगी, सीसीटीवी फुटेज विश्लेषण और संदिग्धों से पूछताछ कर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
इस सफलता में थाना प्रभारी निरीक्षक मोहन भारद्वाज, उप निरीक्षक कुसुम कैवर्त, प्रधान आरक्षक बाबूलाल पटेल, करुणेश राय, आरक्षक टिकेश्वर यादव, राजेश खांडे, चंद्रेश पांडे, चूड़ामणि गुप्ता तथा साइबर सेल स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही। प्रार्थी पक्ष ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई के लिए आभार व्यक्त किया।
