सारंगढ़ में बड़ी आगजनी: राइस मिल में धू-धू कर जला धान का स्टॉक, घंटों से दमकल की मशक्कत जारी

सारंगढ़। शहर से करीब छह किलोमीटर दूर कटेली रोड स्थित केजरी राइस मिल में शुक्रवार दोपहर भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। मिल परिसर में रखे हजारों क्विंटल धान आग की चपेट में आ गए, जिससे भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग की लपटें इतनी तेज थीं कि पास की सड़क से गुजर रहे राहगीरों में अफरा तफरी मच गई। मिल परिसर में धान के बड़े ढेर के साथ सूखे भूसे की मौजूदगी के कारण आग तेजी से फैलती चली गई।

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया गया। हालांकि समाचार लिखे जाने तक करीब दो घंटे बाद भी आग पूरी तरह नहीं बुझ सकी थी और दमकल कर्मी लगातार आग बुझाने में जुटे हुए थे।

बताया जा रहा है कि मिल में बड़ी मात्रा में धान का भंडारण होने के कारण आग तेजी से फैल गई। आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर से ही देखा जा सकता था।

आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। आशंका जताई जा रही है कि आसपास के खेतों में पराली जलाने से चिंगारी मिल परिसर तक पहुंची हो, जिससे आग लगी हो सकती है।

स्थानीय प्रशासन और मिल के कर्मचारी भी मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य में जुटे हुए हैं। वहीं जिला राइस मिल एसोसिएशन के पदाधिकारी भी घटनास्थल पर मौजूद हैं और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

About The Author