बलरामपुर में गांजा तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, 6 करोड़ का गांजा जब्त, तीन अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार


बलरामपुर–रामानुजगंज। नए साल से पहले छत्तीसगढ़ के रास्ते हो रही गांजा तस्करी पर पुलिस ने एक बार फिर सख्ती दिखाई है। बलरामपुर जिले की पुलिस ने सूखे नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 6 करोड़ रुपये मूल्य के गांजे से भरे एक ट्रक को घेराबंदी कर पकड़ा है। आरोपी यह मादक पदार्थ ओडिशा से राजस्थान ले जा रहे थे। पुलिस ने तीन अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई बसंतपुर थाना क्षेत्र में की गई।

पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर 28 दिसंबर की रात सरहदी इलाके में घेराबंदी कर ट्रक क्रमांक RJ 32 GE 0960 को रोका गया। तलाशी के दौरान ट्रक में भरी नारियल भूसी के नीचे छिपाकर रखे गए 40 पैकेट गांजा बरामद किया गया। जब्त गांजे का कुल वजन 1198.460 किलोग्राम बताया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 5 करोड़ 99 लाख रुपये है। वहीं तस्करी में प्रयुक्त ट्रक की कीमत लगभग 25 लाख रुपये आंकी गई है।

गिरफ्तार आरोपियों में अमरीश कुमार (23) और मनीष कुमार (20) उत्तर प्रदेश के निवासी हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 228/2025 के तहत धारा 20(बी)(ii)(सी) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा और पुलिस अधीक्षक बलरामपुर वैभव बैंकर के निर्देशन में की गई। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर ने बताया कि मुखबिर की सूचना के आधार पर ट्रक की जांच की गई, जिसमें अवैध रूप से गांजा तस्करी का खुलासा हुआ। मामले में पूरे नेटवर्क की जांच करते हुए आगे भी सख्त और क्रमबद्ध कार्रवाई की जाएगी।

About The Author