नगर निगम की बड़ी कार्रवाई: बकाया टैक्स जमा न करने पर रायपुर के छह व्यावसायिक परिसर सीलबंद
रायपुर: बकाया राजस्व की वसूली के लिए रायपुर नगर निगम ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। नगर निगम के जोन राजस्व विभाग ने बकाया राशि का भुगतान न करने वाले चार बड़े बकायेदारों के छह व्यावसायिक परिसरों को तत्काल प्रभाव से सीलबंद कर दिया। निगम की इस कार्रवाई से अन्य बकायेदारों के बीच हड़कंप की स्थिति बनी रही।
यह कार्रवाई नगर निगम आयुक्त विश्वदीप के निर्देशों के तहत की गई। आयुक्त के आदेशानुसार अपर आयुक्त राजस्व कृष्णा खटीक, उपायुक्त राजस्व जागृति साहू और जोन 10 के जोन कमिश्नर विवेकानंद दुबे के मार्गदर्शन में राजस्व टीम ने परिसरों पर ताला लगाया। निगम अधिकारियों ने जानकारी दी कि इन बकायेदारों को पूर्व में कई बार नोटिस जारी कर बकाया राशि जमा करने का अवसर दिया गया था, लेकिन निर्धारित समय में भुगतान न होने के कारण यह कठोर कदम उठाया गया।
नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि राजस्व वसूली में किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिन बकायेदारों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है, उनमें ज्योति केशवानी, केवलराम केशवानी, भरत कुमार प्रिथवानी और रेखा लाल शामिल हैं। इनके कुल छह परिसरों को सीज किया गया है।
निगम अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि बकाया करों और शुल्कों की वसूली के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। निगम प्रशासन ने नागरिकों और व्यवसायियों से अपील की है कि वे समय पर अपने करों का भुगतान करें ताकि शहर के विकास कार्यों में बाधा न आए और उन्हें इस प्रकार की कानूनी कार्रवाई का सामना न करना पड़े।
