आरंग में खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई: अवैध उत्खनन पर 4 क्रशर प्लांट सील, माफियाओं में हड़कंप

आरंग। रायपुर जिले के आरंग विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत मंदिरहसौद तहसील में खनिज विभाग ने अवैध खनन और नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। विभाग की विशेष टीम ने नरदहा, धनसुली और खपरी गांवों में दबिश देकर भारी अनियमितताएं पकड़ीं, जिसके बाद मौके पर ही 4 प्रमुख क्रशर प्लांटों को सील कर दिया गया।

सहायक खनिज अधिकारी उमेश भार्गव और खनिज निरीक्षक स्तुति निगम के नेतृत्व में चूना पत्थर खदानों का औचक निरीक्षण किया गया। विभाग की इस गोपनीय कार्रवाई से खदान संचालकों में भगदड़ मच गई। जांच के दौरान पाया गया कि कई संचालक न तो निर्धारित खनिज नियमों का पालन कर रहे थे और न ही पर्यावरण मानकों की उन्हें परवाह थी।

विभाग ने साक्ष्यों के आधार पर निम्नलिखित क्रशर यूनिट्स को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया है:
1. श्रीचंद प्रीतवानी (क्रशर यूनिट)
2. शैलेंद्र चौरसिया (क्रशर यूनिट)
3. महादेव माइनिंग (संचालक: महेश प्रीतवानी)
4. निमेश कुमार चेलक (क्रशर यूनिट)

विभागीय सूत्रों के अनुसार, इन खदानों में निर्धारित सीमा से अधिक गहराई तक खुदाई, बिना अनुमति विस्तार और धूल-प्रदूषण नियंत्रण के उपायों का अभाव मिला है। सील किए गए क्रशरों के अलावा क्षेत्र के कई अन्य संचालकों को भी कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

अवैध खनन के कारण स्थानीय सड़कों की जर्जर हालत और प्रदूषण से परेशान ग्रामीणों ने प्रशासन के इस कदम का स्वागत किया है। खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान निरंतर जारी रहेगा और दोषी संचालकों पर भारी जुर्माना लगाने के साथ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

About The Author