लखपति दीदी भ्रमण योजना: आत्मनिर्भरता के साथ अब तीर्थाटन भी, महिलाओं के लिए नया विजन

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने बजट 2026-27 में महिलाओं के सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। सरकार ने विभिन्न योजनाओं के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं के आर्थिक एवं सामाजिक विकास पर विशेष ध्यान देने का निर्णय लिया है।

रानी दुर्गावती योजना के तहत 18 वर्ष पूर्ण करने पर बालिकाओं को डेढ़ लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। इस योजना का उद्देश्य बालिकाओं को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना है।

मुख्यमंत्री लखपति दीदी भ्रमण योजना की भी घोषणा की गई है। इस योजना के माध्यम से राज्य की महिलाओं को धार्मिक स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा। सरकार का कहना है कि इससे महिलाओं के सामाजिक विकास और जागरूकता को बढ़ावा मिलेगा।

महतारी वंदन योजना के लिए वर्ष 2026-27 में 8200 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। वित्त मंत्री ने बताया कि योजना की शुरुआत से अब तक 14 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि का भुगतान किया जा चुका है। प्रदेश में 70 लाख से अधिक महिलाएं इस योजना से लाभान्वित हो रही हैं।

सरकार ने प्रदेश में 250 महतारी सदन बनाने की घोषणा की है, जिसके लिए 75 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए 800 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है।

सरकार का कहना है कि इन योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और उनके सर्वांगीण विकास को सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।

About The Author