कोरबा: अनियंत्रित ट्रेलर घर में घुसा, बर्तन धो रही गर्भवती महिला की मौत

कोरबा। हरदी बाजार थाना क्षेत्र के ग्राम मुड़ापार बाजार पारा में शनिवार शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया। एक तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक मकान की दीवार तोड़ते हुए आंगन में जा घुसा। इस दुर्घटना की चपेट में आने से आंगन में बर्तन धो रही 25 वर्षीय गर्भवती महिला शशि बाई सूर्यवंशी की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के वक्त आंगन में खेल रहे बच्चे और महिला के ससुर भोलाराम सूर्यवंशी बाल-बाल बच गए। मृतका का पति गजपाल पेशे से ड्राइवर है। घटना शनिवार शाम लगभग 4 बजे की है, जब ट्रेलर चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और वाहन सीधे घर के भीतर दाखिल हो गया।

इस हृदयविदारक घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मुड़ापार के पास सड़क पर चक्काजाम कर दिया है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए हरदी बाजार, दीपका और कुसमुंडा थाना प्रभारी सहित तहसीलदार मौके पर पहुंच गए हैं। प्रशासनिक अधिकारी आक्रोशित ग्रामीणों को शांत कराने और उचित मुआवजे का आश्वासन देने का प्रयास कर रहे हैं। फिलहाल क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।

About The Author