खमतराई अग्निकांड: ऑयल फैक्ट्री में भड़की भीषण आग, कारणों का पता नहीं
रायपुर। राजधानी रायपुर के थाना खमतराई क्षेत्र में स्थित आयल फैक्ट्री में दोपहर को भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि उसका काला धुआं कई किलोमीटर दूर से भी साफ दिखाई दे रहा है।
उरकुरा रेलवे स्टेशन के समीप स्थित इस फैक्ट्री में आग लगने से आसपास अफरा-तफरी मच गई। फैक्ट्री के चारों ओर धुआं और आग की लपटें देखकर लोग दहशत में हैं। सूचना मिलते ही कई दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। दमकलकर्मी फिलहाल आग पर काबू पाने की कोशिश में जुटे हैं।
आग लगने का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस और दमकल विभाग की टीम जांच में जुटी हुई है। अभी तक किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है। स्थिति पर नजर रखी जा रही है और आग को फैलने से रोकने के लिए प्रयास जारी हैं।
