खजुराहो : इंडिगो फ्लाइट रद्द होने पर भड़के अनुपम खेर, सोशल मीडिया पर निकाली भड़ास

खजुराहो। इंडिगो की फ्लाइट्स में जारी संकट का असर खजुराहो पर भी पड़ा। वाराणसी से खजुराहो आने वाली इंडिगो फ्लाइट सोमवार को रद्द हो गई। दो दिन पहले खजुराहो एयरपोर्ट डायरेक्टर ने दिल्ली-खजुराहो-वाराणसी रूट पर इंडिगो की निरंतर उड़ान की बात कही थी, लेकिन फ्लाइट रद्द होने से यात्रियों को परेशानी हुई।

खजुराहो फिल्म महोत्सव में अपनी फिल्म ‘तन्वी द ग्रेट’ की स्क्रीनिंग के लिए अभिनेता अनुपम खेर को वाराणसी से खजुराहो इंडिगो फ्लाइट से पहुंचना था। फ्लाइट रद्द होने की जानकारी मिलते ही उनका गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट कर अपनी भड़ास निकाली।

वीडियो में अनुपम खेर ने कहा, “मैं आमतौर पर शिकायत नहीं करता। मैं अभी वाराणसी पहुंचा हूं। इंडिगो फ्लाइट से हैदराबाद से वाराणसी आया, यहां से खजुराहो की फ्लाइट थी। खजुराहो फिल्म फेस्टिवल में मेरी फिल्म ‘तन्वी द ग्रेट’ ओपनिंग फिल्म है। यहां पहुंचकर पता चला कि फ्लाइट कैंसल हो गई। मैं कंप्लेंट इसलिए नहीं करता क्योंकि कोई जानबूझकर ऐसा नहीं करता। मैं भड़ास निकालना चाहता हूं। सामान भी लेट आया था। कल ढाई घंटे देरी हुई थी। अब यहां से कोई और फ्लाइट नहीं है, कल फिल्म है तो मैं क्या करूं?”

इसके बाद उन्होंने ड्राइवर से पूछा कि खाना कहां खाने जा रहे हैं। जवाब मिला राम भंडार। उन्होंने कहा कि परेशान इंसान को वैकल्पिक तरीका ढूंढना चाहिए। वाराणसी घूमेंगे, अच्छा खाना खाएंगे और फिर ट्रेन या सड़क मार्ग से खजुराहो जाएंगे। उन्होंने बताया कि एयरपोर्ट पर कई यात्री परेशान थे, जिनमें फ्रांस से आई एक महिला भी शामिल थीं, जो फिल्म फेस्टिवल में भाग लेने आई थीं। कुछ भी हो सकता है, कहा उन्होंने।

About The Author