खैरागढ़: CAF कैंप में सोते जवान की गोली मारकर हत्या, सहकर्मी आरोपी गिरफ्तार
खैरागढ़ जिले के घाघरा गांव स्थित छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (CAF) बटालियन कैंप में बीती रात एक जवान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक जवान गहरी नींद में सो रहा था, तभी आरोपी सहकर्मी ने उस पर गोली चला दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है तथा जांच जारी है।
मृतक जवान की पहचान उत्तर प्रदेश निवासी सोनवीर जाट के रूप में हुई है। वह घाघरा बटालियन में पदस्थ था। आरोपी अरविंद गौतम भी उसी कैंप में तैनात था। दोनों के बीच किसी बात को लेकर लंबे समय से रंजिश चल रही थी।
बीती रात सोनवीर कैंप में आकर सो गया। गहरी नींद में जाने पर आरोपी ने मौका देखकर उस पर गोली चला दी। घटना से कैंप में हड़कंप मच गया। अन्य जवानों ने सोनवीर को सोमवार तड़के खैरागढ़ सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची तथा मर्ग कायम कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। परिजनों के खैरागढ़ पहुंचने के बाद पोस्टमॉर्टम किया जाएगा।
पुलिस ने आरोपी अरविंद गौतम को गिरफ्तार कर गातापार थाने में रखा है तथा मामले की जांच में जुटी है।
