जशपुर में एटीएम लूट की कोशिश नाकाम, पुलिस की गश्त से बदमाश फरार
जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में पुलिस की मुस्तैदी से एटीएम लूट की एक बड़ी वारदात होने से पहले ही नाकाम हो गई। कुनकुरी के नेशनल हाईवे-43 पर स्थित पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम को निशाना बनाने पहुंचे नकाबपोश बदमाशों की पूरी योजना उस समय विफल हो गई, जब गश्त पर निकली पुलिस टीम अचानक मौके पर पहुंच गई।
जानकारी के अनुसार बदमाशों ने पिकअप वाहन की मदद से एटीएम को उखाड़ने की कोशिश की थी। पहचान छिपाने के लिए उन्होंने एटीएम के सीसीटीवी कैमरे पर ब्लैक स्प्रे भी कर दिया। इसी दौरान नियमित गश्त पर निकली पुलिस टीम वहां पहुंच गई। पुलिस को देखते ही बदमाशों में अफरा-तफरी मच गई और वे मौके से भागने लगे।
भागते समय बदमाशों ने पुलिस टीम पर पथराव भी किया, हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी पुलिसकर्मी को चोट नहीं आई। पुलिस की तत्परता के कारण बदमाश एटीएम से कोई भी रकम ले जाने में सफल नहीं हो सके और पिकअप वाहन को आधे रास्ते में छोड़कर फरार हो गए।
घटना के बाद पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में नाकाबंदी कर जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर अज्ञात आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। एहतियात के तौर पर इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और गश्त भी बढ़ा दी गई है।
