धार्मिक आस्था और लोकसंस्कृति से भरपूर कथा:- छत्तीसगढ़ी फिल्म “जै सीतला मईया” 10 अक्टूबर को होगी रिलीज

रायपुर। छत्तीसगढ़ी सिनेमा जगत में एक नई भक्ति प्रधान फिल्म “जै सीतला मईया” जल्द ही दर्शकों के बीच आने वाली है। डॉ. पुनीत सोनकर के निर्देशन में बनी इस बहुप्रतीक्षित धार्मिक फिल्म का निर्माण अभिनेता–संगीतकार लिलेश्वर सिन्हा ने किया है, जो इस फिल्म से बतौर नायक (डेब्यू रोल) भी नजर आएंगे। सह-निर्माता मीनाक्षी पांडे हैं। फिल्म में सोनाली सहारे नायिका की भूमिका में हैं, जबकि स्वीटी साहू शीतला माता के रूप में दर्शकों को दिव्यता का अनुभव कराएंगी। प्रसिद्ध लोकमंच कलाकार मौलेश साव नारद मुनि की भूमिका में हैं और जानू साहू खलनायक के रूप में दिखाई देंगे। नायक की मां की भूमिका प्रसिद्ध अदाकारा एवं नृत्यांगना अनुराधा दुबे और पिता की भूमिका संजय मैथिल ने निभाई है।कॉमेडी का तड़का लगाने पहुंचे हैं प्रदीप शर्मा, जबकि उर्वशी साहू (कचरा बोदरा फेम) तुनक मिजाज काकी के रूप में हंसी का पिटारा खोलेंगी। अभिनेत्री जागेश्वरी मेश्राम, बाल कलाकार नायरा रंगारी (पीहू) और साइनी पांडा (बाल शीतला) ने भी प्रभावशाली अभिनय किया है। उभरती अभिनेत्री संध्या मानिक एक अहम किरदार में नजर आएंगी।निर्माता लिलेश्वर सिन्हा ने बताया कि “जै सीतला मईया” का विषय धार्मिक और सामाजिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है — “यह कहानी अब तक बॉलीवुड या हॉलीवुड में भी अनछुई रही है। छत्तीसगढ़ की अधिष्ठात्री देवी शीतला माता के प्रति श्रद्धा और उनकी लोककथाओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से यह फिल्म बनाई गई है।

कहानी अब तक बॉलीवुड या हॉलीवुड में भी अनछुई रही...

”फिल्म के गीत और संवाद वरिष्ठ गीतकार-साहित्यकार घनश्याम ठाकुर ने लिखे हैं, जो पाँच बार राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित हो चुके हैं। संगीत निर्देशन स्वयं लिलेश्वर सिन्हा ने किया है, जबकि संगीत संयोजन और बैकग्राउंड म्यूजिक सूरज महानंद का है।गायक दल में जसगीत सम्राट दुकालू यादव, दिलीप षडंगी, छाया चंद्राकर, अलका चंद्राकर, अनुराग शर्मा, और चंपा निषाद जैसे प्रसिद्ध स्वर कलाकार शामिल हैं। फिल्म की सिनेमेटोग्राफी लक्ष्मण यादव ने की है, जबकि मेकअप उड़ीसा के सीनियर मेकअप आर्टिस्ट समरेस दादा का है। फाइट डायरेक्शन बीरबल पाणिग्रही और नीलकंठ साहू (इंटरनेशनल कराते विनर) ने संभाला है। कोरियोग्राफी दिलीप बैस और गजेंद्र कुंभलकर द्वारा की गई है।फिल्म की पूरी शूटिंग ग्राम पंचायत चेरिया बंजारी, नया रायपुर में की गई है।धार्मिक आस्था, लोकसंस्कृति और पारिवारिक मूल्यों से भरपूर यह फिल्म 10 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

About The Author