नई दिल्ली में एआई इम्पैक्ट समिट की मेजबानी करेगा भारत, 100 से अधिक देश होंगे शामिल

नई दिल्ली। भारत 16 से 20 फरवरी 2026 तक प्रतिष्ठित वैश्विक सम्मेलन ‘एआई इम्पैक्ट समिट’ की मेजबानी करने जा रहा है। इस पांच दिवसीय सम्मेलन में दुनिया के 100 से अधिक देश हिस्सा लेंगे। समिट के दौरान आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से संबंधित नीति निर्माण, नवाचार, नैतिकता, सुरक्षा और वैश्विक सहयोग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।

इस वैश्विक आयोजन का मुख्य आधार तीन सूत्र तय किए गए हैं, जिनमें लोग (People), पृथ्वी (Planet) और प्रगति (Progress) शामिल हैं। भारत सरकार का उद्देश्य एआई तकनीक के ऐसे विकास को बढ़ावा देना है जो जनहित में हो, पर्यावरण के अनुकूल हो और वैश्विक प्रगति में सहायक सिद्ध हो। सूत्रों के अनुसार, सम्मेलन में शामिल होने वाले देशों का चयन रणनीतिक और नीतिगत मानकों के आधार पर किया गया है। भारत उन राष्ट्रों के साथ साझेदारी को प्राथमिकता दे रहा है जो जिम्मेदार और मानव-केंद्रित एआई के समर्थक हैं।

सम्मेलन की खास बात यह है कि इसमें शामिल होने के लिए पाकिस्तान को निमंत्रण नहीं दिया गया है, जो अंतरराष्ट्रीय कूटनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि, सरकार की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के व्यक्तिगत निमंत्रण पर अमेरिका, यूरोप, एशिया-पैसिफिक और खाड़ी देशों के कई राष्ट्राध्यक्ष इस कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। इसके साथ ही 45 से अधिक देशों के मंत्री-स्तरीय प्रतिनिधिमंडल और संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटरेस सहित कई अंतरराष्ट्रीय संगठनों के वरिष्ठ अधिकारियों के शामिल होने की संभावना है।
भारत ने स्पष्ट किया है कि यह समिट केवल तकनीक प्रदर्शन तक सीमित नहीं रहेगी। इसका मुख्य लक्ष्य निवेश, स्टार्टअप इकोसिस्टम और अंतरराष्ट्रीय मानकों पर ठोस सहयोग को बढ़ावा देना है। समिट के दौरान मंत्रिस्तरीय सत्र, विशेषज्ञ पैनल चर्चा और स्टार्टअप शोकेस जैसे कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिससे स्वास्थ्य, शिक्षा और जलवायु परिवर्तन जैसी वैश्विक चुनौतियों का समाधान खोजने में मदद मिल सके।

About The Author