दुर्ग में एकतरफा प्यार में युवती पर कटर से जानलेवा हमला, हालत गंभीर

दुर्ग। जिले के नेवई थाना क्षेत्र में एकतरफा प्रेम के चलते सनसनीखेज वारदात सामने आई है। लंबे समय से युवती का पीछा कर रहे एक सिरफिरे युवक ने उस पर कटर से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल युवती को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे आईसीयू में रखा गया है। चिकित्सकों के मुताबिक युवती के शरीर पर करीब 60 टांके आए हैं।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता की शादी साल 2023 में रायपुर निवासी आशीष नवरंगे से हुई थी और वह वर्तमान में रायपुर में ही रहती है। महाशिवरात्रि के अवसर पर वह अपने मायके शिवपारा स्टेशन मरोदा आई हुई थी। शाम को बैकुंठधाम मंदिर से पूजा कर लौटने के दौरान इंदिरा चौक के पास पहले से घात लगाए आरोपी ने उसे रोक लिया। बातचीत का दबाव बनाने पर जब युवती ने मना किया, तो आरोपी ने जान से मारने की धमकी देते हुए कटर से हमला कर दिया। स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप के कारण युवती की जान बच सकी।
परिजनों ने बताया कि आरोपी योगेंद्र कुमार यादव पिछले छह वर्षों से युवती को परेशान कर रहा था। कॉलेज के दिनों से ही वह एकतरफा प्रेम में युवती पर बातचीत का दबाव बनाता था। शादी के बाद भी आरोपी की हरकतें बंद नहीं हुईं और वह लगातार पीछा करता रहा। परिजनों का आरोप है कि आरोपी ने पूर्व में युवती के पिता और भाई को भी धमकी दी थी।

हमले में युवती की गर्दन, कलाई, गाल और पसलियों पर गहरे घाव आए हैं। घटना की सूचना मिलते ही नेवई थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी योगेंद्र कुमार यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

About The Author