बेलगाम रफ्तार और नशे का कहर: आरंग में ट्रक ने बाइक सवारों को अपनी चपेट में लिया, दो की मौत
आरंग। आरंग-खरोरा मुख्य मार्ग पर शनिवार को धान से लदे एक बेलगाम ट्रक ने बाइक सवार तीन लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। इस भीषण हादसे में एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान नंदकिशोर लोधी और कुंतीबाई लोधी के रूप में हुई है। बाइक चालक की मां राजकुमारी लोधी गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, कुंतीबाई लोधी अपने पति मंगलू लोधी के साथ रिश्तेदारों की शादी में शामिल होने आरंग आई थीं। समारोह समाप्त होने के बाद ग्राम गुल्लू निवासी नंदकिशोर लोधी और उनकी मां राजकुमारी लोधी के साथ बाइक पर सवार होकर वापस गांव लौट रहे थे। बजरंग केमिकल डिस्टलरी कंपनी के पास सामने से आ रहे धान से लदे ट्रक ने तेज रफ्तार में बाइक को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए।
घटना में कुंतीबाई लोधी की मौके पर ही मौत हो गई। नंदकिशोर और राजकुमारी लोधी को गंभीर चोटें आईं। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान नंदकिशोर लोधी ने भी दम तोड़ दिया। राजकुमारी लोधी अभी भी जिंदगी और मौत से जूझ रही हैं।
ट्रक चालक नशे में था, पुलिस ने घेराबंदी कर किया गिरफ्तार
हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार होने की कोशिश कर रहा था। सूचना मिलते ही आरंग थाना प्रभारी हरीश साहू ने खुद ट्रक का पीछा किया। पुलिस ने नवापारा-राजिम रोड पर ग्राम चरौदा के पास ट्रक को घेराबंदी कर पकड़ लिया। गिरफ्तारी के दौरान पता चला कि चालक अत्यधिक शराब के नशे में था। नशे की हालत में भारी वाहन चलाने के कारण उसने इस दर्दनाक हादसे को अंजाम दिया।
आरंग पुलिस ने ट्रक को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। घायल की स्थिति पर नजर रखी जा रही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
