जशपुर में मानवता शर्मसार: नाटक देखकर घर लौट रही नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म, आरोपी फरार

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक नाबालिग लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया है। पीड़िता जंगल में बेहोशी की हालत में मिली, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, 17 वर्षीय नाबालिग 16 फरवरी की रात एक स्थानीय नाटक कार्यक्रम देखकर पैदल अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में दो अज्ञात युवकों ने उसे घर तक लिफ्ट देने का झांसा दिया और मोटरसाइकिल पर बैठा लिया। आरोपी उसे घर ले जाने के बजाय सुनसान जंगल की ओर ले गए, जहां दोनों ने उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया और मौके से फरार हो गए।

अगली सुबह जब नाबालिग घर नहीं पहुंची, तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। 17 फरवरी की रात पीड़िता बिजली सब स्टेशन के पास अचेत अवस्था में मिली। ग्रामीणों की मदद से उसे तुरंत शासकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पत्थलगांव रेफर कर दिया गया।

पत्थलगांव पुलिस ने पीड़िता की मां के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। चूंकि घटनास्थल बागबाहर थाना क्षेत्र का है, इसलिए शून्य पर प्राथमिकी दर्ज कर केस डायरी संबंधित थाने को भेज दी गई है। पुलिस की विशेष टीमें आरोपियों की धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। इस वीभत्स घटना के बाद से इलाके के लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है।

About The Author